हरियाणावासियों को 1 नवंबर पर मिलेगा 23 अमृत फार्मेसी केंद्रों का तोहफा, 50 से 80% छूट पर मिलेगी दवाईयां
Haryana: सूबे की नायब सैनी सरकार हरियाणा दिवस यानी 1 नवंबर के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। प्रदेश सरकार इस दिन सभी 23 जिलों में 'अमृत फार्मेसी' का आधिकारिक शुभारंभ करने जा रही है। इन फार्मेसी केंद्रों का मकसद आमजन और गरीब मरीजों को महंगे इलाज और दवाओं के खर्चे से राहत दिलाना है।
सरकार ने मांगी प्रमुख दवाईयों की सूची
राज्य सरकार द्वारा सभी जिलों के सिविल अस्पतालो के डाक्टरों से उन दवाईयों की सूची मांगी गई है जो मरीजों को नियमित रूप से लिखी जाती है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे हृदय रोग, कैंसर, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर व किडनी जैसी गंभीर बीमारियों के साथ- साथ रोजाना इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाओं की लिस्ट जल्द जमा कराएं ताकि शुरुआती दिन से ही फार्मेसियों में सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध रहें।
पानीपत सिविल अस्पताल के सीएमओ डॉ विजय मलिक ने बताया कि फार्मेसी चलाने वाले विभाग को लाइसेंस मिल गया है। यह फार्मेसी केंद्र सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुलें रहेंगे। इन फार्मेसी केंद्रों पर केंद्र और राज्य सरकार के मानकों के अनुसार केवल प्रामाणिक और प्रमाणित दवाईयां ही बेची जाएगी।
50-80% तक मिलेगी छूट
डॉ विजय मलिक ने बताया कि सभी जिलों के मुख्य नागरिक अस्पतालों में यह अमृत फार्मेसी केंद्र शुरू हो रहें हैं। इससे मरीजों को डाक्टर को दिखाने के बाद दवाईयों के लिए इधर-उधर मेडिकल स्टोर पर भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अमृत फार्मेसी पर ब्रांडेड दवाओं, जीवनरक्षक दवाओं, कैंसर व कार्डियक इम्प्लांट्स और अन्य मेडिकल उपकरणों पर 50% से लेकर 80% तक की भारी छूट दी जाएगी। जो दवाएं बाहर के प्राइवेट मेडिकल स्टोर पर हजारों रुपए में मिलती हैं, वे यहां बेहद किफायती दामों में उपलब्ध होंगी।