वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, आगामी रणनीतियों पर मंथन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय स्तर के "वोट बचाओ–देश बचाओ" अभियान के तहत बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, रेवाड़ी ग्रामीण में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में विशेष रूप से एआईसीसी द्वारा नियुक्त आब्जर्वर चक्रवर्ती शर्मा पहुंचे, जिन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया तथा अभियान को धरातल पर मजबूत करने की रणनीति साझा की।
आब्जर्वर चक्रवर्ती शर्मा ने कहा कि "वोट बचाओ-देश बचाओ" अभियान लोकतंत्र और संविधान को अक्षुण्ण रखने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिसके तहत कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा। वहीं जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी ने कहा कि रेवाड़ी ग्रामीण का हर एक कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से मैदान में उतरेगा तथा सभी एकजुट होकर आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने का काम करेंगे।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। एआईसीसी आब्जर्वर चक्रवर्ती शर्मा और जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी ने आगामी रणनीतियों पर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए और सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
बैठक में विशेष रूप से पूर्व मंत्री जगदीश यादव, निलम भगवाड़िया, दीवान सिंह चौहान, रामेहर यादव, रवि शर्मा और सरपंच गजराज उपस्थित रहे। ब्लॉक अध्यक्षों में मनोज कुमार, हेमन्त गौड़, अनिल यादव और विजय बैरियर ने अपनी भागीदारी निभाई। इसके अलावा एससी प्रधान रमेश ठेकेदार, सचिव मनीषा यादव, सचिव प्रेमलता यादव, संगठन सह-सचिव प्रदीप यादव, जिला सचिव पप्पू पहलवान तथा जिला सचिव संदीप कसाना भी मौजूद रहे। इनके साथ ही कृष्णा कुमार, महेन्द्र रंगा, मनोज दरबोरा, रामकिशन राजोरा और विनय कमल सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बैठक में प्रमुखता से शामिल हुए। बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी ने सभी नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का समय पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराने और बैठक को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।