{"vars":{"id": "91925:5179"}}

रेवाड़ी के गांवों में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें, हर लाइट पर मिलेगी ₹4,000 की सरकारी सब्सिडी!

रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले की ग्राम पंचायतों की गलियां अब सोलर लाइटों से जगमग होंगी। 'एसपीवी स्ट्रीट लाइटिंग फॉर रूरल एरिया' योजना के तहत गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस योजना के अंतर्गत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में 200 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
 

रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले की ग्राम पंचायतों की गलियां अब सोलर लाइटों से जगमग होंगी। 'एसपीवी स्ट्रीट लाइटिंग फॉर रूरल एरिया' योजना के तहत गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस योजना के अंतर्गत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में 200 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस योजना का लाभ केवल ग्राम पंचायतों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जिला परिषद, ब्लॉक समितियां और अन्य पात्र गैर-व्यावसायिक संस्थाएं व संगठन भी सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने के लिए अपनी मांग प्रस्तुत कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए यह योजना लागू की जा रही है। इच्छुक पात्र संस्थाएं अपने संबंधित क्षेत्र के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) के माध्यम से अपना प्रस्ताव या मांग भेज सकती हैं।

17 हजार रुपये निर्धारित है स्ट्रीट लाइट की दर...

योजना के तहत प्रत्येक सोलर स्ट्रीट लाइट की दर 17000 रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें हरियाणा सरकार द्वारा 4,000 रुपये की सब्सिडी प्रदान की जाएगी, जबकि शेष 13,000 रुपये प्रति लाइट का अंशदान संबंधित लाभार्थी संस्था को जमा करवाना होगा।

यह राशि हरेडा द्वारा निर्धारित बैंक खाते में जमा करवानी होगी। यह योजना मांग आधारित है और सोलर स्ट्रीट लाइटों का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा।

इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध करवाने, पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।

ग्राम पंचायतों से डिमांड भिजवाने के निर्देश..

अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य परियोजना अधिकारी नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा रेवाड़ी राहुल मोदी ने कहा कि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों (बीडीपीओ) अपने-अपने ब्लाक की ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइटों की मांग प्राप्त करना सुनिश्चित करें।