{"vars":{"id": "91925:5179"}}

रोहतक के 70 मेधावी विद्यार्थी मनाली एडवेंचर कैंप के लिए रवाना:- उपायुक्त सतबीर सिंह

रोहतक के 70 मेधावी विद्यार्थी मनाली एडवेंचर कैंप के लिए रवाना:- उपायुक्त सतबीर सिंह
 
  • डीपीसी सुमन हुड्डा ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवान

रोहतक, 17 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित विंटर एडवेंचर एंड नेचर स्टडी कैंप में भाग लेने के लिए रोहतक जिले के सरकारी स्कूलों के 70 मेधावी विद्यार्थियों का दल मंगलवार को मनाली (हिमाचल प्रदेश) के लिए रवाना हुआ।

सतबीर सिंह ने बताया कि इस दल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 35 छात्र और 35 छात्राएं शामिल हैं। विद्यार्थियों के साथ 2 पुरुष एवं 2 महिला एस्कॉर्ट शिक्षक भी रवाना हुए। रोहतक जिला का यह दल कैंप के तीसरे बैच का हिस्सा है। मनाली में मुख्य कैंप 18 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मनाली के लिए रवाना होने से पहले विद्यार्थियों का दल 17 नवंबर को पंचकूला स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15 में रिपोर्ट करेगा।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि कैंप के दौरान विद्यार्थियों को ट्रेकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग और बाधा पार करने जैसी साहसिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें हिमालय की संस्कृति, विरासत, प्राकृतिक वातावरण तथा वनस्पतियों एवं जीव-जंतुओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। विद्यार्थियों के लिए स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, कैंप फायर, योग एवं ध्यान जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल से संबंधित मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

सतबीर सिंह ने बताया कि इस कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना, उनमें आत्मविश्वास एवं साहस की भावना विकसित करना तथा उन्हें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का हौसला बढ़ाती हैं। पंचकूला से मनाली तक आने-जाने, ठहरने, भोजन, परिवहन एवं विभिन्न गतिविधियों का पूरा खर्च हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने सभी एस्कॉर्ट शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे यात्रा एवं कैंप के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और उनके साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें।

जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्रीमती सुमन हुड्डा ने बस को हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में साहसिक यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। डीपीसी ने विद्यार्थियों को हिदायत दी कि वे यात्रा एवं कैंप के दौरान कंटिंजेंट लीडर और कैंप इंचार्ज के निर्देशों का पूरी तरह पालन करें तथा अनुशासन बनाए रखें। इसके अलावा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन एवं समन्वय के लिए एपीसी-वाईईसी एवं कंपोनेंट इंचार्ज राजेश मलिक भी साथ मौजूद रहे।

श्रीमती सुमन हुड्डा ने बताया कि विद्यार्थियों को अभिभावकों का सहमति पत्र, मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार कार्ड की प्रति अनिवार्य रूप से साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा उन्हें पर्याप्त गर्म कपड़े, स्वेटर, जैकेट, वार्मर, स्कूल यूनिफॉर्म, ट्रैक सूट, स्पोर्ट्स शूज, टॉर्च एवं पानी की बोतल साथ रखने को कहा गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए आवश्यक वेशभूषा भी साथ ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।