ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख नेता कॉमरेड सत्यवान मुख्य वक्ता होंगे।
रोहतक,
किसान, मजदूर, छात्र, युवा एवं महिलाओं के जीवन के ज्वलंत मुद्दों पर 26 अक्टूबर को नांदल भवन बोहर, रोहतक में प्रदेश स्तर की किसान मजदूर छात्र युवा महिला महापंचायत आयोजित की जाएगी। यह महापंचायत ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन (एआईकेकेएमएस), श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी, छात्र संगठन एआईडीएसओ, युवा संगठन डीवाईओ एवं महिला सांस्कृतिक संगठन की साझी पहल पर होने जा रही है।
महापंचायत को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की सगी भांजी गुरजीत कौर, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) दिल्ली के रिटायर्ड प्रोफेसर एवं जाने माने अर्थशास्त्री अरुण कुमार संबोधित करेंगे। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संयुक्त किसान मोर्चा के प्रमुख नेता कॉमरेड सत्यवान मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा किसान नेता शंकर घोष, श्रमिक नेता अरुण कुमार सिंह, आंगनवाड़ी, आशा व मिड-डे-मील से संबंधित स्कीम वर्करस फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय नेत्री इस्मत अरा खातून भी वक्ता के रूप में संबोधित करेंगी।
आज रोहतक में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस आशय की जानकारी किसान नेता अनूप सिंह मातनहेल, जयकरण मांडोठी एवं कॉमरेड राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने दी। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक दिल्ली आंदोलन ने तीन काले कृषि कानूनों को वापिस करवाया था। परंतु केंद्र सरकार देश के बड़े-बड़े पूंजीपतियों के स्वार्थ में कृषि मार्केटिंग नीति के मसौदे के अलावा अमेरिका के साथ एक बेहद खतरनाक व्यापार समझौता करने जा रही है। अगर इन्हें नहीं रोका गया तो पहले से ही कर्ज में डूबकर आत्महत्या करने के लिए विवश किसान मजदूरों के जीवन में चौतरफा तबाही आएगी। इसके अतिरिक्त सरकार जनविरोधी बिजली एवं बीज कानून बनाने पर आमादा है।
गरीब एवं मध्यम परिवार महंगाई की मार से पहले ही पीड़ित हैं, परंतु इसके बावजूद जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। प्रदेश का युवा भयंकर बेरोजगारी का सामना कर रहा है। पेपर-लीक, भर्ती-रद्द करना आम बात हो रही हैं। अग्निवीर योजना ने आर्मी में जाने का रास्ता रोक दिया है। मजदूरों के साथ-साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका और मिड-डे-मील व आशा कार्यकर्ताओं को जीने लायक वेतन नहीं दिया जा रहा है। चार लेबर कोड लाकर श्रमिक अधिकारों का दफन कर हर तरह की जायज आवाज को दबाया जा रहा है।
एसआईआर के नाम से वोट डालने व यहां तक कि नागरिकता के अधिकार से भी वंचित किया जा रहा है। महापंचायत एसआईआर के खिलाफ चल रहे देशव्यापी आंदोलन का समर्थन करेगी। जात-पात, धर्म-संप्रदाय के नाम से आपस में लड़ाकर जीवन के असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। नशाखोरी को बढ़ावा देकर नीति-नैतिकता व संस्कृति को बर्बाद किया जा रहा है। दूध पीती बच्ची से लेकर बूढ़ी दादी-नानी-मां तक प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। साधारण परिवारों के बेटे-बेटियों को पढ़ाई से वंचित किया जा रहा है। प्रदेश में सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा के उद्देश्य को बदल दिया गया है। यह महापंचायत शोषित-पीड़ित जनता, जनवाद एवं आजादी पसंद नागरिकों को संगठित करते हुए जोरदार आंदोलन गठित करने के लिए बुलाई गई है।
यह महापंचायत जनआंदोलन के इतिहास में एक संगमील का काम करेगी। जनता हकों के लिए लड़ेगी और जीतेगी चूंकि इतिहास ने यह सिद्ध कर दिया है कि जन समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन ही एकमात्र रास्ता एवं विकल्प बचा है।
जारीकर्ता: