{"vars":{"id": "91925:5179"}}

खाद विक्रेता द्वारा पीओएस मशीन में 49 बैग यूरिया दर्ज करने के मामले में लाइसेंस किया गया निलंबित : उपायुक्त सतबीर सिंह

खाद विक्रेता द्वारा पीओएस मशीन में 49 बैग यूरिया दर्ज करने के मामले में लाइसेंस किया गया निलंबित : उपायुक्त सतबीर सिंह
 

जांच में फर्म द्वारा प्रस्तुत तथ्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कृषि विभाग ने की कार्रवाई

किसानों के साथ खाद की जबरन टैगिंग करने वाले डीलर एवं वितरकों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

रोहतक,

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा है कि किसानों को खाद उपलब्ध करवाने में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कृषि विभाग द्वारा खाद की बिक्री एवं वितरण प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वाले खाद विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। यूरिया खाद का एक बैग खरीदने वाले किसान के खाते में 49 बैग यूरिया दर्ज करने वाले खाद विक्रेता का लाइसेंस निलंबित किया गया है। सतबीर सिंह ने कहा है कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को सीएम विंडो के माध्यम से एक किसान की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में किसान ने बताया कि उसने शहर के एक खाद विक्रेता से यूरिया का एक बैग खरीदा था, लेकिन खाद विक्रेता ने पीओएस मशीन में उसके खाते में 49 बैग यूरिया दर्ज कर दिए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उप कृषि निदेशक डॉ सुरेंद्र मलिक ने गुण नियंत्रण निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा को जांच अधिकारी नियुक्त किया। दोनों पक्षों को 27 अक्टूबर 2026 को कार्यालय में व्यक्तिगत सुनवाई के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान दोनों पक्षों ने अपना पक्ष रखते हुए तथ्य प्रस्तुत किए, लेकिन संबंधित फर्म द्वारा प्रस्तुत किए गए तथ्य संतोषजनक नहीं पाए गए।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप कृषि निदेशक डाॅ सुरेंद्र सिंह ने जांच अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद विक्रेता का लाइसेंस 30 अक्टूबर 2026 को निलंबित कर दिया गया। जिला के सभी खाद डीलरों एवं वितरकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसानों को खाद के साथ किसी अन्य सामग्री की जबरन टैगिंग न करें। यदि कोई विक्रेता ऐसा करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध खाद नियंत्रण आदेश, 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डाॅ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद की बिक्री प्रक्रिया पर नियमित निगरानी रखें तथा किसानों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।