{"vars":{"id": "91925:5179"}}

उपलब्धियों से भरे रहे हरियाणा सरकार के दो वर्ष, विकास के मामले में कांग्रेस की कल्पना से भी आगे बढ़ा प्रदेश:- डॉ. अरविंद शर्मा

उपलब्धियों से भरे रहे हरियाणा सरकार के दो वर्ष, विकास के मामले में कांग्रेस की कल्पना से भी आगे बढ़ा प्रदेश:- डॉ. अरविंद शर्मा
 

वर्तमान सरकार का 17 अक्तूबर को 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे थे कैबिनेट मंत्री मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को दी बधाई, कहा-बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरियों से युवाओं का जीता भरोसा, पारदर्शिता बनी सुशासन की पहचान कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले-आपसी गुटबाजी में उलझे नेता, जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाना मेरा संकल्प, विकास कार्यों में नहीं रहने दी जाएगी कोई कमी भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान-सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं

रोहतक

हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के दो वर्ष के सफल कार्यकाल को उपलब्धियों, सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित बताते हुए मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में पारदर्शी व्यवस्था, समान विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए ऐसे कार्य किए गए हैं, जिनकी कल्पना कांग्रेस अपने शासनकाल में भी नहीं कर सकी। भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार ने ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ के सिद्धांत पर युवाओं को सरकारी नौकरियां देकर योग्यता और मेहनत का सम्मान सुनिश्चित किया है। इससे युवाओं का व्यवस्था में विश्वास मजबूत हुआ है और सरकारी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। विकास कार्यों में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में हरियाणा ने विकास, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। भाजपा सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ आम नागरिक तक पहुंचाना है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास रैलियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जा रहा है और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि संतों और महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर मनाने की पहल ने समाज को उनकी शिक्षाओं और योगदान से जोड़ने का काम किया है। संत-महात्माओं ने समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कांग्रेस में गुटबाजी हावी, जनता के मुद्दे पीछे छूटे कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति जनहित के बजाय आपसी खींचतान और नेतृत्व की लड़ाई के इर्द-गिर्द सिमट गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं के बीच मतभेद इस कदर बढ़ चुके हैं कि राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जूतम-पैजार जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। जो पार्टी अपने नेताओं को एकजुट नहीं रख पा रही, वह हरियाणा को मजबूत नेतृत्व और स्थिर विकास कैसे दे सकती है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस विकास एजेंडा नहीं है। प्रदेश की जनता अब विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देती है। डॉ. शर्मा ने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस का राजनीतिक आधार और कमजोर होगा तथा गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस को निराशा का सामना करना पड़ेगा। जननायक जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जजपा अपना राजनीतिक आधार खो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को नसीहत दी कि वे सत्ता के सपने देखने के बजाय अपने संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ध्यान दें। गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाना संकल्प गोहाना के विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद दिया है, उसका ऋण विकास कार्यों के माध्यम से चुकाना उनका दायित्व है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि गोहाना को हरियाणा का नंबर वन विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा और इसके लिए विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गोहाना क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और मांगों को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के समक्ष प्राथमिकता से उठाया जा रहा है। सरकार के सहयोग से विकास परियोजनाओं को गति दी जाएगी, ताकि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और वार्ड को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचे। गोहाना के किसी भी गांव या वार्ड को विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा तथा स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे। अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु बनकर काम करें। उन्होंने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उसका लाभ सही समय पर सही पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें तथा पात्र परिवारों को उनका लाभ प्राप्त करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार सेवा, सुशासन और जनकल्याण है। सरकार का लक्ष्य समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और सुशासन की इस यात्रा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग, कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के बल पर हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।