{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Haryana Pension Update: हरियाणा में पेंशन वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब ऑनलाइन मिलेगी पूरी जानकारी

रोहतक। पेंशन पुनरीक्षण की फाइल की स्थिति और उस पर हुई कार्रवाई जानने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरियाणा के पेंशनर ऑनलाइन डायरी मैनेजमेंट सिस्टम (ओडीएमएस) पोर्टल पर पीपीओ नंबर या फाइल आईडी से लॉगिन कर अपने मामले की दैनिक प्रगति देख सकेंगे।
 

रोहतक। पेंशन पुनरीक्षण की फाइल की स्थिति और उस पर हुई कार्रवाई जानने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरियाणा के पेंशनर ऑनलाइन डायरी मैनेजमेंट सिस्टम (ओडीएमएस) पोर्टल पर पीपीओ नंबर या फाइल आईडी से लॉगिन कर अपने मामले की दैनिक प्रगति देख सकेंगे।

चंडीगढ़ स्थित प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) कार्यालय, हरियाणा ने यह सुविधा दी है, जहां जारी प्राधिकार पत्र का विवरण भी मिलेगा। सेक्टर-3 के उमेद सिंह खत्री की शिकायत व सूचना के जवाब में यह जानकारी दी गई है, जिससे पेंशनरों को अपडेट के लिए दफ्तरों पर निर्भर नहीं रहना होगा।

पीपीओ नंबर से मिलेगी फाइल की जानकारी

ओडीएमएस के माध्यम से पेंशनर घर बैठे प्रकरण की रोजाना प्रगति, मौजूदा स्थिति और जारी प्राधिकार पत्र का विवरण देख सकेंगे। सहायता के लिए 0172-3503960 और 0172-2613211 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

2644 मामलों पर हुई कार्रवाई

प्रधान महालेखाकार कार्यालय ने 10 मार्च से 30 सितंबर 2026 तक नोशनल इंक्रीमेंट के आधार पर पेंशन पुनरीक्षण के 2644 मामलों पर कार्रवाई की जानकारी दी है। पूरे दस्तावेजों के साथ मिले मामलों पर कार्रवाई हो चुकी है।

अधूरे दस्तावेज वाले प्रकरण संबंधित पेंशन स्वीकृति प्राधिकारी (पीएसए) और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को लौटाए गए हैं। उनसे जरूरी दस्तावेज पूरे कर मामले दोबारा भेजने को कहा गया है।

30 दिन में निपटान का दावा

कार्यालय का दावा है कि पेंशन मामलों का निपटान नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के नागरिक अधिकार-पत्र में तय 30 दिन की समय-सीमा में किया जाता है। उमेद सिंह खत्री ने 30 सितंबर को मुख्यालय में आवेदन देकर पहले मिले जवाब पर असंतोष जताया था। उनका कहना था कि विभिन्न शाखाओं से जानकारी जुटाकर व्यापक रिपोर्ट दी जा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

क्या है नोशनल इंक्रीमेंट?

नोशनल इंक्रीमेंट यानी काल्पनिक वेतन वृद्धि का लाभ उन कर्मचारियों को पेंशन निर्धारण में दिया जाता है, जो एक जुलाई को वार्षिक वेतन वृद्धि के पात्र होते हैं, लेकिन 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाते हैं। इससे पेंशन की गणना बढ़े हुए वेतन के आधार पर हो सकती है। सरकार ने इस संबंध में 16 सितंबर 2025 को आदेश जारी किए थे।