{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा में आबादी देह पर नया कानून लागू, नाम दर्ज होने पर ही मिलेगा मालिकाना हक!

हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में मकान, आंगन, दुकान और आबादी देह की जमीनों पर वर्षों से चले आ रहे मालिकाना हक के विवादों को सुलझाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। 'हरियाणा आबादी देह (अधिकार निहित करने, दर्ज करने और स्वामित्व विवाद निवारण) अधिनियम, 2025' के तहत पात्र कब्जाधारियों के अधिकारों को तय प्रक्रिया के अनुसार सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा।
 

रोहतक। हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में मकान, आंगन, दुकान और आबादी देह की जमीनों पर वर्षों से चले आ रहे मालिकाना हक के विवादों को सुलझाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। 'हरियाणा आबादी देह (अधिकार निहित करने, दर्ज करने और स्वामित्व विवाद निवारण) अधिनियम, 2025' के तहत पात्र कब्जाधारियों के अधिकारों को तय प्रक्रिया के अनुसार सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा।

अंतिम रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने के बाद संबंधित व्यक्ति को आधिकारिक स्वामित्व प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा। यह व्यवस्था इसलिए बेहद अहम है, क्योंकि गांवों में कई परिवार पीढ़ियों से काबिज हैं, लेकिन उनके पास मालिकाना हक के स्पष्ट दस्तावेज नहीं थे।

यह अधिनियम 19 जनवरी 2026 को अधिसूचित किया गया है, जिसे 26 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा। इस कानून का मुख्य उद्देश्य आबादी देह में पात्र व्यक्तियों के अधिकारों की पहचान करना, उनका रिकॉर्ड तैयार करना और सीमा विवादों को हल करना है। इसके लिए सर्वेक्षण, डिजिटल नक्शों और दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति का चिह्नीकरण किया जाएगा, जिसके बाद राजस्व अधिकारी रिकॉर्ड तैयार करने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

वैसे कानून के तहत केवल लंबे समय से कब्जा होने का दावा करना ही मालिकाना हक का अंतिम आधार नहीं होगा। इसके लिए व्यक्ति का तय पात्रता शर्तों को पूरा करना अनिवार्य है। किरायेदार, पट्टेदार, बंधकधारी और अस्थायी रूप से काबिज लोगों को केवल कब्जे के आधार पर मालिक नहीं माना जाएगा। सभी कानूनी प्रक्रियाओं और जांच के पूरा होने के बाद ही अंतिम स्वामित्व दर्ज किया जाएगा।

आपत्ति दर्ज कराने का अवसर

प्रस्तावित रिकॉर्ड और नक्शे को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने की व्यवस्था है, ताकि प्रभावित लोग संपत्ति की सीमा, क्षेत्रफल या स्वामित्व संबंधी प्रविष्टि की जांच करा सकें।

अधिनियम की धारा 12 के तहत, रिकार्ड प्रदर्शित होने के बाद सामान्यतः 90 दिन के भीतर आपत्ति दर्ज करा सकते है। पर्याप्त वजह होने पर अधिकारी समय सीमा के बाद आई आपत्ति पर भी विचार कर सकता है।

आपत्ति मिलने पर संबंधित पक्षों को सुनने और दस्तावेजों की जांच करने के बाद निर्णय किया जाता है। कानून में इस निर्णय के लिए भी सम सीमा तय की गई है। इसका मुख्य कारण यह है कि विवाद ज्यादा समय तक लंबित न रहें और रिकार्ड में बदलाव का आधार स्पष्ट हो जाए।

अपील और समीक्षा के अलग प्रावधान

अधिनियम में असंतुष्ट पक्ष के लिए अपील, समीक्षा और पुनरीक्षण के रास्ते निर्धारित हैं। धारा 14 के तहत संबंधित आदेश के विरुद्ध सामान्यतः 30 दिन के भीतर अपील की जा सकती है।

इसके बाद कानून में निर्धारित शर्तों के अनुसार अगली अपील का भी प्रावधान है। धारा 15 में आदेश की समीक्षा और धारा 16 में आयुक्त के समक्ष पुनरीक्षण की व्यवस्था दी गई है। इन प्रक्रियाओं में संबंधित पक्ष को सुनवाई का अवसर दिया जाना जरूरी है।

प्रक्रिया: सामान्य समयसीमा

प्रारंभिक रिकॉर्ड पर आपत्ति : 90 दिन

संबंधित आदेश के खिलाफ अपील : 30 दिन

समीक्षा के लिए निर्धारित अवधि : 60 दिन

पुनरीक्षण के लिए आवेदन की अवधि : 60 दिन

नोट : ये समय सीमाएं संबंधित कानूनी प्रावधानों के अनुसार लागू होंगी।

निजी संपत्ति और साझा जमीन में अंतर

कानून में निजी मकान या भूखंड के साथ-साथ गांव की साझा जमीन की स्थिति को भी ध्यान में रखा गया है। सड़क, रास्ते, सार्वजनिक पार्क, तालाब, खेल मैदान और समुदाय के उपयोग वाले अन्य स्थान साझा क्षेत्र की श्रेणी में आने की संभावना हैं।

पंचायत में निहित साझा जमीन केवल किसी व्यक्ति के कब्जे के आधार पर उसकी निजी संपत्ति नहीं बन सकती है । अधिनियम में कुछ विशेष परिस्थितियों के लिए अलग से प्रावधान हैं, जिनकी जांच संबंधित अभिलेख और वैधानिक शर्तों के आधार पर की जाएगी।

अब नए कानून में दर्ज प्रविष्टियों को तब तक सही मानने का प्रावधान है, जब तक उसके विपरीत प्रमाण सामने न आए या कानून के अनुसार नई प्रविष्टि न हो। अधिनियम के दायरे में आने वाले मामलों पर सामान्य दीवानी अदालत के अधिकार क्षेत्र पर भी रोक का प्रावधान है। इसलिए ग्रामीण परिवारों के लिए जरूरी है कि वे अपने मकान और भूखंड का विवरण, उपलब्ध दस्तावेज, हिस्सेदारी और सीमाओं की जांच करें। रिकार्ड में गलती मिलने पर निर्धारित समय में आपत्ति दर्ज कराएं। सही प्रक्रिया से तैयार अभिलेख भविष्य में स्वामित्व और हस्तांतरण से जुड़े विवादों को कम करने में मदद कर सकते हैं। - राजपाल चहल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, रोहतक।