इंडस पब्लिक स्कूल, रोहतक में भजन प्रतियोगिता ‘नाददीप’ में भजनों की मधुर स्वर लहरियों से गूंजा विद्यालय परिसर भजन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से बांधा समां
इंडस पब्लिक स्कूल, रोहतक में आज दिनांक 05.10.2026 को दीपावली के उपलक्ष्य में भजन प्रतियोगिता ‘नाददीप’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं संगीत की समृद्ध परंपरा को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का आरंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन, डाॅ. श्रीमती एकता सिंधु, प्रधानाचार्य श्री दीपक कुमार वशिष्ठ व मुख्य अतिथि श्री गगन हरियाणवी व विशिष्ट अतिथी श्री कैलाश वर्मा, डाॅ. टीना चावला, श्री विशाल, श्री सुभाष नगाड़ा, श्री प्रेम जी, श्री गुलशन बाबा (हरियाणवी संगीतज्ञ) और श्री साहिल (यूट्यूबर), डाॅ. अंजू शर्मा आदि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कहीं भक्ति की मधुर धारा प्रवाहित हुई तो कहीं संगीत और सुरों के अद्भुत संगम ने सभी को भावविभोर कर दिया। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, गायन कौशल एवं शानदार मंच प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. एकता सिंधु ने अपने संदेश में कहा कि ‘भजन केवल संगीत नहीं, बल्कि हृदय की भावनाओं को ईश्वर तक पहुँचाने का एक पवित्र माध्यम हैं। भारतीय संस्कृति की वास्तविक पहचान हमारी आध्यात्मिक परंपराओं और संस्कारों में निहित है। आज के आधुनिक युग में बच्चों को अपनी जड़ों, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। ऐसी प्रतियोगिताएँ प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, सकारात्मकता, एकाग्रता और आध्यात्मिक चेतना का विकास करती हैं।’
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व में संस्कार, संवेदनशीलता और रचनात्मकता का विकास करना भी है। इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन प्रतिभागियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने सुर, ताल, लय, भावाभिव्यक्ति एवं प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन इस प्रकार किया-
पहला वर्ग (7 से 12 वर्ष) में प्रथम स्थान पर रश्मित शर्मा, द्वितीय स्थान पर विहान व लक्षिता तृतीय स्थान पर रहें। दूसरा वर्ग (13 से 18 वर्ष) में प्रथम स्थान पर गोपाली, द्वितीय स्थान पर नैतिक व तृतीय स्थान पर पर्व रहा। तीसरा वर्ग (18 व 18 से अधिक वर्ष) में प्रथम स्थान पर श्री गोविंदपाल, द्वितीय स्थान पर श्री मंजोत व श्री ओमप्रकाश तृतीय स्थान पर रहें। भजन गायन प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ गायक श्री गोविंदपाल जी को 3100 रूपये का नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण और आध्यात्मिक उल्लास के बीच हुआ। इस आयोजन ने प्रतिभागियों को न केवल अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं भक्ति परंपरा के महत्व को भी आत्मसात करने की प्रेरणा दी।