हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्तरा तथा आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने जिला कारागार परिसर का किया निरीक्षण
आयोग की टीम कारागार परिसर में बंदियों के मानवाधिकारों की समीक्षा की
जेल में बंदियों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए निपटारे के निर्देश
आयोग की टीम लंगर के भोजन की गुणवत्ता व साफ-सफाई को सराहा
आयोग के अध्यक्ष तथा सदस्य ने कारागार परिसर में किया पौधारोपण
रोहतक,
हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्तरा तथा आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने सुनारिया स्थित जिला कारागार का निरीक्षण किया तथा कारागार अधीक्षक व उपाधीक्षकों को आवश्यक हिदायतंे दी। उन्होंने जेल में बंदियों की समस्याएं सुनीं तथा जेल प्रशासन के अधिकारियों इन समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्तरा तथा सदस्य दीप भाटिया ने कारागार परिसर में पौधारोपण भी किया। आयोग के सहायक कुलसचिव डॉ पुनीत अरोड़ा निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्तरा तथा आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने कहा कि आयोग का कारागार निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कारागार में बंदियों के मानवाधिकार सुनिश्चित करवाना है। उन्होंने कारागार में अधीक्षक राय साहब से कहा कि सभी बंदियों के मानवाधिकार दी जाए तथा किसी भी बंदी के मानवाधिकार का उल्लंघन न हो। उन्होंने कहा कि मासिक स्वास्थ्य जांच शिविर के साथ-साथ महिला बंदियों के लिए हर 15 दिन के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कारागार लंगर में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की सराहना की तथा कारागार प्रशासन द्वारा किए गए सफाई के प्रबंधों पर भी संतोष व्यक्त किया।
न्यायमूर्ति ललित बत्तरा तथा दीप भाटिया ने निरीक्षण के दौरान बंदियों से बातचीत करते हुए कहा कि वे अपने व्यवहार में बदलाव लाए तथा जेल से बाहर निकलकर अच्छी जिन्दगी जीने का संकल्प लें। बंदियों की एक गलती की सजा केवल बंदी ही नहीं भुगत रहे बल्कि उनके परिवार भी इस सजा को भुगत रहे हैं। इसलिए बंदी भविष्य में अच्छे कार्य करने का संकल्प लें। उन्हांेने कारागार परिसर में बंदियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि कारागार परिसर में मनोरंजन एवं ध्यान के लिए भी प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जेल रेडियो के माध्यम से आपकी फरमाइश कार्यक्रम के साथ-साथ प्रतिदिन समाचार पत्रों पांच सकारात्मक समाचारों का भी प्रसारण किया जाए। न्यायमूर्ति ललित बत्तरा एवं आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने कारागार परिसर में पहुंचकर सर्वप्रथम महिला बंदियों से मुलाकात की तथा उन्हें कारागार प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों तथा सजायाफ्ता कैदियों से कहा कि वे कारागार में कार्य करें ताकि जेल से बाहर इनके परिवार को भी आर्थिक मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि बंदी जेल में कौशल विकास का प्रशिक्षण भी लें ताकि जेल से बाहर स्वरोजगार अपना सके। उन्होंने डिस्पेंसरी में उपलब्ध दवाओं का निरीक्षण किया तथा वार्डों में उपचाराधीन बंदियों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बंदियों की मदद के लिए पैनल अधिवक्ताओं की सेवाएं शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए।
न्यायमूर्ति ललित बत्तरा एवं आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने कहा कि कारागार में बंद सभी बंदी जिला कारागार परिसर में संचालित किए जा रहे कार्यों के तहत कार्य करें। कारागार परिसर में उच्च गुणवत्ता के फर्नीचर के साथ-साथ सिलाई, तकनीकी कार्य भी बंदियों को सिखाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारी-बारी सभी बंदियों को व्यावसायिक कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाए ताकि सभी बंदी जेल से बाहर जाकर स्वरोजगार कर अपनी आजीविका कमा सके। इस अवसर पर जेल अधीक्षक राय साहब, उपाधीक्षक चरण सिंह, प्रदीप यादव, अंकित मलिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।