{"vars":{"id": "91925:5179"}}

21 नवंबर 2026 को आयोजित होगी एन.आई. एक्ट मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालत:- सीजेएम डाॅ तरन्नुम खान

21 नवंबर 2026 को आयोजित होगी एन.आई. एक्ट मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालत:- सीजेएम डाॅ तरन्नुम खान
 

लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का निपटारा कर शीघ्र एवं सुलभ न्याय दिलाना है उद्देश्य

रोहतक

जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में आगामी 21 नवंबर 2026 को रोहतक न्यायालय परिसर में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एन.आई. एक्ट) से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत का उद्देश्य संबंधित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा करके आमजन को शीघ्र, सुलभ एवं सरल न्याय उपलब्ध करवाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि लोक अदालतें आपसी सहमति से विवादों का समाधान करने का प्रभावी माध्यम हैं। इनके माध्यम से पक्षकार अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा करवा सकते हैं। उन्होंने संबंधित पक्षकारों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की।

सीजेएम डाॅ तरन्नुम खान की अध्यक्षता में सुनारियां स्थित जिला जेल में आयोजित जेल लोक अदालत में सुनवाई के लिए कुल दो मामले रखे गए, जिनमें से एक मामले में बंदी को रिहा किया गया। डाॅ तरन्नुम खान ने कहा कि जेल लोक अदालत के माध्यम से पात्र बंदियों को शीघ्र न्याय उपलब्ध करवाने तथा नियमानुसार मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। डाॅ तरन्नुम खान ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने और न्यायिक प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को न्याय मिल सके तथा लोक अदालतों के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से समाधान हो।