जिला जेल में आयोजित लोक अदालत में एक बंदी को मिला लाभ : डॉ तरन्नुम खान
21 नवंबर को आयोजित होगी 138 एन.आई. एक्ट मामलों की विशेष लोक अदालत
रोहतक,
जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान के नेतृत्व में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला जेल में जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत के दौरान एक मामले को सुनवाई के लिए रखा गया, जिसमें सुनवाई उपरांत एक बंदी को लाभ प्राप्त हुआ और उसे रिहा किया गया। सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा न्याय तक आमजन की आसान पहुंच सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निपटारे के लिए निरंतर लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा होने से पक्षकारों को त्वरित एवं सरल न्याय प्राप्त करने में सहायता मिलती है। इसके अतिरिक्त आगामी 21 नवंबर 2026 को धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
डॉ तरन्नुम खान ने कहा कि इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य चेक बाउंस से संबंधित लंबित मामलों का आपसी सहमति से शीघ्र निपटारा करवाना तथा न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या को कम करना है। उन्होंने कहा कि आमजन को लोक अदालत के लाभों के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक मामलों का निपटारा करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन का आह्वान किया है कि वे अपने लंबित योग्य मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालत की प्रक्रिया का लाभ उठाएं और आपसी सहमति के माध्यम से मामलों का त्वरित समाधान करवाएं।