रवि हुड्डा बने भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
25 नवम्बर, रोहतक। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष महेश चौहान ने गत दिवस प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्यों एवं जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों की सूची जारी की। इसमें गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र के गांव आसन निवासी रवि हुड्डा को भाजपा किसान मोर्चा, रोहतक का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
रवि हुड्डा ने वर्ष 2010 में भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। उन्होंने पार्टी में मंडल सचिव के पद से संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना शुरू किया। इसके बाद युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। तत्पश्चात भाजपा मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और लगातार दो बार इस पद पर रहते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य किया। इसके अलावा पार्टी की ओर से उन्हें विभिन्न स्थानों पर प्रवासी प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाया।
अब पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव और समर्पण को देखते हुए उन्हें भाजपा किसान मोर्चा जिला रोहतक के अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी पं. लोकेश शर्मा ने रवि हुड्डा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से किसान मोर्चा को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि रवि हुड्डा लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय रहकर विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते आ रहे हैं। उनके अनुभव, मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण से निश्चित रूप से रोहतक जिले में किसान मोर्चा की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर रवि हुड्डा ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेशाध्यक्ष महेश चौहान एवं संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना, सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को किसानों तक पहुंचाना और किसान मोर्चा के संगठन को जिला स्तर पर और अधिक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।