युवाओं को स्वच्छता मिशन से जोड़कर गांवों को बनाएं स्वच्छ एवं सुंदर- रविन्द्र जागलान
ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश, ग्रे-वाटर के पुनः उपयोग और मछली पालन को बढ़ावा देने पर दिया जोर
रोहतक,
राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, हरियाणा के वाइस चेयरमैन रविन्द्र जागलान ने युवाओं को सूचीबद्ध कर उन्हें स्वच्छता मिशन से जोड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए ग्राम पंचायतों के साथ-साथ युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। वे आज जिला विकास भवन में आयोजित बैठक में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में रविन्द्र जागलान ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में ठोस कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांवों में स्वच्छता का बेहतर वातावरण कायम हो सके। उन्होंने कहा कि गांवों में युवाओं के समूहों को चिह्नित कर उन्हें स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाए। युवाओं की सहभागिता से स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
उन्होंने ग्रे-वाटर मैनेजमेंट के तहत तैयार किए जा रहे तालाबों के पानी के पुनः उपयोग के मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य विभाग को निर्देशित किया कि वह ग्राम पंचायतों को इन तालाबों में मछली पालन शुरू करने के लिए प्रेरित करे, ताकि जल संसाधनों का सदुपयोग होने के साथ-साथ पंचायतों की आय के साधनों में भी वृद्धि हो सके। रविन्द्र जागलान ने स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इससे संबंधित रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग को किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित करने को कहा।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके नियमित रखरखाव के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मिशन के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सभी खंड विकास एवं पंचायती अधिकारी वह जिला शिक्षा अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन से मंजू ग्रेवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।