{"vars":{"id": "91925:5179"}}

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत पंच तीर्थ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कलानौर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत पंच तीर्थ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कलानौर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
 

पॉक्सो अधिनियम, गुड टच-बैड टच और बाल अधिकारों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक

रोहतक, 29 अक्टूबर।

हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में नालसा के सुरक्षित बचपन जागरूकता अभियान के तहत पंचतीर्थ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कलानौर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, यौन अपराधों से संरक्षण तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने विद्यार्थियों को पोक्सो अधिनियम, 2012 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है तथा उनके विरुद्ध होने वाले यौन दुर्व्यवहार के मामलों में कानूनी संरक्षण सुनिश्चित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में बिना भय या झिझक के अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया। डॉ. तरन्नुम खान ने बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को अपने शरीर की सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति उन्हें अनुचित तरीके से छूता है या किसी ऐसी गतिविधि में शामिल करने का प्रयास करता है, जिससे वे असहज महसूस करें, तो उन्हें तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय वयस्क को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता, संवाद और समय पर सहायता लेना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल सुरक्षा एवं बच्चों के अधिकारों का संदेश दिया। इसके साथ ही पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से सुरक्षित बचपन के महत्व को प्रदर्शित किया। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, अनुचित व्यवहार की पहचान और विपरीत परिस्थितियों में उचित कदम उठाने के प्रति जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से बच्चों को कानूनी अधिकारों की जानकारी देने, उन्हें संभावित जोखिमों के प्रति सचेत करने तथा उनके लिए सुरक्षित वातावरण के निर्माण की दिशा में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।