{"vars":{"id": "91925:5179"}}

किसानों को गन्ने का समय पर भुगतान और सुचारू ढुलाई सुनिश्चित करे मिल प्रबंधन : उपायुक्त सतबीर सिंह

किसानों को गन्ने का समय पर भुगतान और सुचारू ढुलाई सुनिश्चित करे मिल प्रबंधन : उपायुक्त सतबीर सिंह
 

महम चीनी मिल में गन्ने का रकबा बढ़कर 16,700 एकड़ पहुंचा

आगामी सीजन में 24 लाख क्विंटल पेराई का लक्ष्य

महम चीनी मिल की वित्तीय स्थिति में सुधार, 1.10 करोड़ रुपये का सरकारी ऋण चुकाया

आगामी पेराई सत्र से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

रोहतक,

दी महम सहकारी चीनी मिल की 19वीं आम सभा का आयोजन किया गया। बैठक में मिल के चेयरमैन एवं उपायुक्त सतबीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान प्रगतिशील किसान, शेयरधारक तथा चीनी मिल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उपायुक्त सतबीर सिंह ने किसानों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक क्षेत्र में गन्ने की बिजाई करें, ताकि मिल को कम से कम 120 दिन तक पेराई के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध हो सके और मिल का परिचालन व्यय कम किया जा सके। उन्होंने मिल प्रबंधन को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। गन्ने की समय पर ढुलाई, सही वजन तथा किसानों के गन्ने के बकाया भुगतान को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मिल प्रबंधन किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पेराई सत्र की सभी तैयारियां समय रहते पूरी करे। बैठक में मिल के आगामी बजट, पिछले वित्तीय वर्षों के आय-व्यय के विवरण तथा शेयरधारकों द्वारा दिए गए सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर ने पिछले वर्षों के दौरान मिल की उपलब्धियों एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी साझा की। प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर ने बताया कि मिल क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। पिछले पेराई सत्र में जहां लगभग 13 हजार एकड़ में गन्ने की खेती की गई थी, वहीं अब यह रकबा बढ़कर 16 हजार 700 एकड़ हो गया है। गत वर्ष मिल में 18 लाख 15 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई की गई थी, जबकि आगामी पेराई सत्र में 23 से 24 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नया पेराई सत्र नवंबर के अंतिम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है, जिसे कम से कम 120 दिन तक संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुकुंद तंवर ने बताया कि मिल के 36 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि वर्ष 2014-15 में सरकार से लिया गया एक करोड़ 10 लाख रुपये का ऋण पूरी तरह चुका दिया गया है। इसके अतिरिक्त हरियाणा कोऑपरेटिव सेंट्रल बैंक से ली जाने वाली कैश क्रेडिट लिमिट को लगातार दूसरे वर्ष अगस्त-सितंबर माह तक शून्य किया गया है। मिल के इतिहास में ऐसा तीसरी बार हुआ है। किसानों को गन्ने का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए मिल द्वारा 4.5 करोड़ रुपये की 45 दिवसीय एफडी भी करवाई गई है। चीनी एवं मोलासिस की बिक्री के संबंध में उन्होंने बताया कि शुगरफेड के आंकड़ों के अनुसार महम सहकारी चीनी मिल इस वर्ष अप्रैल से सितंबर की अवधि में प्रदेश की 10 सहकारी चीनी मिलों में दूसरे स्थान पर रही है। इससे पहले मिल की स्थिति आठवें से दसवें स्थान के बीच रहती थी। प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर ने बताया कि आगामी पेराई सत्र को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए मिल के बुनियादी ढांचे पर व्यापक निवेश किया गया है। लगभग एक करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से बॉयलर की ट्यूबें बदली गई हैं। इसके अलावा 32 लाख रुपये से कैलेंडरियों तथा 92 लाख रुपये की लागत से नए डोर एवं क्लेरिफायर की व्यवस्था की गई है। अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य भी करवाया गया है।

उन्होंने बताया कि मिल में स्वच्छ जल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 28 से 30 लाख रुपये की लागत से नहरी पानी के भंडारण हेतु नए टैंक का निर्माण करवाया जा रहा है। चीनी की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के साथ-साथ खुदरा बिक्री के लिए छोटी पैकिंग प्रणाली शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है। बैठक के उपरांत उपायुक्त सतबीर सिंह ने आगामी पेराई सत्र की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मिल परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी आवश्यक मरम्मत, रखरखाव एवं अन्य तैयारियां निर्धारित समय में पूरी की जाएं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और मिल का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।