{"vars":{"id": "91925:5179"}}

रोहतकः सिख धर्म के प्रचार के लिए पंजाब से पहुंचे सिख शिरोमणि संस्था के संस्थापक

रोहतकः सिख धर्म के प्रचार के लिए पंजाब से पहुंचे सिख शिरोमणि संस्था के संस्थापक
 

रोहतक,

शिरोमणि सिख संस्था के संस्थापक सरदार अमरजीत सिंह, सिख धर्म के प्रचार के लिए रविवार को रोहतक पहुंचे। सिख धर्म की स्थापना 15वीं शताब्दी में श्री गुरु नानक देव ने की थी। यह धर्म समानता, सेवा, ईमानदारी और एक ईश्वर में विश्वास पर आधारित है। सिख धर्म का इतिहास अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष और बलिदान का एक प्रेरणादायक अध्याय रहा है। सरदार अमरजीत सिंह मूलरूप से पंजाब के रोपड़ जिला के गांव रोनी खुर्द गांव के रहने वाले हैं। वे यहां यूनियनिस्ट सिख मिशन के संस्थापक सरदार मनोज सिंह दूहन के बुलावे पर पहुंचे थे। उन्होंने ओमेक्स सिटी में नीटू सरदार के आवास पर सिख धर्म के अनुयायियों की बैठक में प्रस्तुतिकरण के जरिए सिख धर्म की विस्तृत व्याख्या की। सरदार अमरजीत सिंह ने बताया कि इक ओंकार सिख धर्म का एक केंद्रीय और पवित्र सिद्धांत है। यह इस बात का प्रतीक है कि संपूर्ण सृष्टि और सृष्टिकर्ता एक ही अविभाज्य सत्ता हैं। यह सिख धर्म में सभी तरह के भेदभाव, जाति-पाति और धार्मिक संकीर्णता को नकारते हुए मानवता की एकता का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव के बाद गुरु अंगद देव ने गुरुमुखी लिपि का विकास किया। जबकि तीसरे गुरु अमरदास और चौथे गुरु रामदास ने सिख परंपरा को और संगठित किया। पांचवें गुरु अर्जन देव ने सिख धर्म के पवित्र ग्रंथ आदि ग्रंथ का संकलन किया। दसवें और अंतिम गुरु, गुरु गोविंद सिंह ने 30 मार्च 1699 को वैशाखी के दिन खालसा पंथ की स्थापना की। ऐतिहासिक योद्धा गुरुओं के समय के बाद बाबा बंदा सिंह बहादुर और बाद में महाराजा रणजीत सिंह के नेतृत्व में शक्तिशाली सिख साम्राज्य का विस्तार हुआ। शिरोमणि सिख संस्था के संस्थापक सरदार अमरजीत सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में सिख धर्म को लेकर समाज में कई प्रकार की भ्रांतिया हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सिख धर्म समानता पर आधारित है। इस बैठक में शामिल होने के लिए विशेष तौर पर हिमाचल प्रदेश से कविता देवी भी पहुंची। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी जयकंवार बुधवार, सरदार निर्मल सिंह भी मौजूद रहे।