{"vars":{"id": "91925:5179"}}

हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा तृप्ति श्योराण ने जारी किए निर्देश, 15 दिन में अनुपालना रिपोर्ट देने को कहा

हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा तृप्ति श्योराण ने जारी किए निर्देश, 15 दिन में अनुपालना रिपोर्ट देने को कहा
 

बाल देखभाल संस्थानों में सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा और बच्चों की निजता सुनिश्चित करने के लिए वैधानिक परामर्श जारी रोहतक,

हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा सुश्री तृप्ति श्योराण ने प्रदेश के सभी बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे बच्चों की निजता, गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के उपयोग एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर वैधानिक परामर्श जारी किया है। यह परामर्श बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम, 2005 की धारा 13(1)(क) के अंतर्गत जारी किया गया है। आयोग ने महिला एवं बाल विकास विभाग, सभी उपायुक्तों तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 15 दिन के भीतर अनुपालना रिपोर्ट प्रस्तुत करें। अध्यक्षा तृप्ति श्योराण ने बताया कि आयोग ने अपने निरीक्षणों के दौरान पाया कि कई बाल देखभाल संस्थानों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को निजी मोबाइल फोन और लैपटॉप से जोड़ा गया है। इससे कैमरों की सीधी तस्वीरें और रिकॉर्ड की गई सामग्री कहीं से भी देखे जाने, डाउनलोड किए जाने तथा प्रसारित होने का खतरा बना रहता है। ऐसी स्थिति बच्चों की निजता, गरिमा और सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सीसीटीवी व्यवस्था पर संस्थान के प्रभारी का रहेगा नियंत्रण:- वैधानिक परामर्श के अनुसार, बाल देखभाल संस्थानों में सीसीटीवी व्यवस्था, उसकी रिकॉर्डिंग और पासवर्ड पर केवल संस्थान के प्रभारी का नियंत्रण रहेगा। निगरानी व्यवस्था तक पहुंच केवल अधिकृत कर्मचारियों को ही दी जाएगी। साझा पासवर्ड के माध्यम से सीसीटीवी प्रणाली का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों को निजी मोबाइल फोन या लैपटॉप से जोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा दूरस्थ पहुंच की सुविधा सामान्य रूप से बंद रखनी होगी। फुटेज डाउनलोड करने और प्रसारित करने पर प्रतिबंध:- आयोग ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी व्यक्ति सीसीटीवी मॉनिटर की तस्वीर, स्क्रीन रिकॉर्डिंग या कैमरों की रिकॉर्ड की गई सामग्री को बिना अधिकृत अनुमति के डाउनलोड, कॉपी अथवा प्रसारित नहीं करेगा। ऐसी सामग्री को व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, ईमेल या किसी अन्य माध्यम से साझा करना प्रतिबंधित होगा। सीसीटीवी की डिजिटल रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के लिए डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर और नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। पासवर्ड समय-समय पर बदले जाएं तथा व्यवस्था तक पहुंच के अभिलेखों की नियमित जांच की जाए। किसी घटना से संबंधित रिकॉर्डिंग को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक सुरक्षित रखा जाए। शौचालय, स्नानघर और कपड़े बदलने के स्थानों पर कैमरे लगाना प्रतिबंधित:- बच्चों की निजता की रक्षा के लिए आयोग ने स्पष्ट किया है कि शौचालय, स्नानघर तथा कपड़े बदलने के स्थानों के अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) आदर्श नियम, 2016 के नियम 67(12) के अंतर्गत निर्धारित अनिवार्य प्रावधान है। आयोग ने विशेष रूप से बालिकाओं के लिए संचालित बाल देखभाल संस्थानों में लागू सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। प्रत्येक संस्थान को रखना होगा विस्तृत अभिलेख:- आयोग के निर्देशानुसार, प्रत्येक बाल देखभाल संस्थान को सीसीटीवी व्यवस्था के अधिकृत उपयोगकर्ताओं का विवरण तथा रिकॉर्डिंग प्राप्त करने और निकालने का रजिस्टर रखना होगा। इसमें फुटेज निकालने की तिथि, उद्देश्य और उसे प्राप्त करने वाले व्यक्ति का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा। सीसीटीवी व्यवस्था तक किसी भी अनधिकृत पहुंच या सुरक्षा संबंधी उल्लंघन की सूचना तत्काल सक्षम प्राधिकारी को देनी होगी। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की होगी जांच:- महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा को निर्देशित किया गया है कि वह अपने अधीन सभी संबंधित जिला अधिकारियों और बाल देखभाल संस्थानों को वैधानिक परामर्श में निर्धारित सुरक्षा उपाय लागू करने के लिए लिखित निर्देश जारी करे। सक्षम राज्य एवं जिला अधिकारी निरीक्षण के दौरान यह जांच करेंगे कि सीसीटीवी व्यवस्था से कौन-कौन से उपकरण जुड़े हैं, सीधी तस्वीरों और रिकॉर्डिंग तक किन व्यक्तियों की पहुंच है तथा उन्हें इसके लिए अधिकृत किया गया है या नहीं। इसके अतिरिक्त, पासवर्ड की सुरक्षा, दूरस्थ पहुंच की व्यवस्था, रिकॉर्डिंग का सुरक्षित भंडारण एवं संरक्षण तथा बालिकाओं के लिए संचालित संस्थानों में विशेष सुरक्षा प्रावधानों के अनुपालन की भी जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दूर करवाया जाएगा और नियमों के अनुसार गैर-अनुपालन के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध उचित प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सीसीटीवी कैमरे लगाना मात्र पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी रिकॉर्डिंग के उपयोग, भंडारण और साझा किए जाने को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करना भी अनिवार्य है। निगरानी व्यवस्था का उद्देश्य केवल संस्थागत सुरक्षा और बाल संरक्षण होना चाहिए, न कि बच्चों की गतिविधियों या उनके ठिकाने की जानकारी अनधिकृत व्यक्तियों तक पहुंचाना। यह वैधानिक परामर्श बच्चों के सर्वोत्तम हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी निजता, गरिमा और सुरक्षा की रक्षा करने के उद्देश्य से जारी किया गया है। आयोग ने सभी संबंधित विभागों और संस्थानों को निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अनुपालन के लिए जवाबदेही तय करने पर बल दिया है।