1,61,608 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद
सिरसा, 28 अक्टूबर।
जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गत दिवस तक कुल 1,61,608 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 53,238 मीट्रिक टन, हैफेड ने 78,997 मीट्रिक टन तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 29,373 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। वहीं, मंडियों से अब तक कुल 95,523 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि धान खरीद प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 20,478 किसान लाभान्वित हुए हैं। इनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से 5,923, हैफेड के माध्यम से 12,046 तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 2,509 किसान लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि मंडीवार खरीद के तहत कालांवाली अनाज मंडी में कुल 39,245 मीट्रिक टन, डबवाली में 22,138 मीट्रिक टन, सिरसा में 12,264 मीट्रिक टन, रानियां में 6,440 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद में 6,360 मीट्रिक टन, रोड़ी में 9,750 मीट्रिक टन तथा देसूजोधा मंडी में 4,971 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त अबूबशहर मंडी में 7,608 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। जिले की अन्य मंडियों में भी धान की खरीद जारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही अपनी धान की फसल मंडियों में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।