{"vars":{"id": "91925:5179"}}

42,797 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद

42,797 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद
 

सिरसा, 19 अक्टूबर।

जिला की विभिन्न अनाज मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गत दिवस तक 42,797 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 15,110 मीट्रिक टन, हैफेड ने 19,460 मीट्रिक टन तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 8,227 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। खरीद के साथ-साथ मंडियों से धान का उठान भी जारी है। अब तक कुल 23,159 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है, जबकि शेष की उठान प्रक्रिया जारी है।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि जिले में कुल 5,620 किसानों की धान की फसल की खरीद की गई है। इनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से 1,868, हैफेड के माध्यम से 2,725 तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 1,027 किसानों को लाभ मिला है।

मंडियों में खरीद और उठान की स्थिति के अनुसार डबवाली अनाज मंडी में कुल 5,007 मीट्रिक टन, कालांवाली में 9,755 मीट्रिक टन, रानियां में 2,851 मीट्रिक टन, सिरसा में 2,670 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद में 2,206 मीट्रिक टन, रोड़ी में 3,809 मीट्रिक टन तथा देसूजोधा मंडी में 1,632 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त जिले की अन्य मंडियों में भी धान की खरीद जारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि फसल की खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।