{"vars":{"id": "91925:5179"}}

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले में 4 लाख 87 हजार बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल टैबलेट

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले में 4 लाख 87 हजार बच्चों को दी जाएगी एल्बेंडाजोल टैबलेट
 

12 नवंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 19 नवंबर को होगा मॉपअप दिवस

सिरसा, 05 नवंबर।

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत चलाए जाने वाले अभियान की तैयारियों, व्यवस्थाओं और लक्ष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ राष्ट्रीय कृमि मुक्त दिवस कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग करें। विशेष अभियान के तहत एक साल से 19 वर्ष के बच्चों को पेट के कीड़े मारने के लिए एल्बेंडाजोल की गोली दी जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करना होगा ताकि शत प्रतिशत बच्चों को दवा दी जा सके। इसके लिए जिला के सभी सरकारी स्कूल, गैर सरकारी स्कूल, आईटीआई, सरकारी महाविद्यालय, निजी महाविद्यालयों व सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में यह गोली मुफ्त दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 12 नवंबर को मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले में लगभग 4 लाख 87 हजार लाभार्थियों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त अभियान के दौरान किसी कारणवश दवा लेने से वंचित रह जाने वाले बच्चों को दवा खिलाने के लिए 19 नवंबर को मॉपअप दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली समस्याओं से बचाना तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक विकास को सुनिश्चित करना है।

सिविल सर्जन डॉ. पवन ने बताया कि एल्बेंडाजोल की गोली स्वास्थ्य और पोषण में सुधार, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि, एनीमिया में नियंत्रण, समुदाय में कृमि संक्रमण की व्यापकता में कमी, सीखने की क्षमता और व्यस्क होने पर काम करने की क्षमता में बढ़ोतरी में कारगर है। उन्होंने कहा कि अभिभावक इस बात का विशेष ध्यान रखें की बच्चा खाली पेट दवा न लें और गोली खिलाने के बाद बच्चे को पानी जरूर पिलाएं। एल्बेंडाजोल की गोली पूरी तरह से सुरक्षित है, इसलिए घबराएं नहीं बल्कि दवा के लिए आगे आएं। डॉ. संदीप सिंह उप सिविल सर्जन स्कूल हेल्थ ने बताया कि एक साल से 19 साल तक के सभी बच्चों को व 20 से 24 साल तक महिलाओं को यह गोली लेनी आवश्यक है। पेट में कीड़े होने की वजह से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास रुक जाता है।