{"vars":{"id": "91925:5179"}}

जिले में 83,887 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद

जिले में 83,887 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद
 

सिरसा,

जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कुल 83,887 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 27,925 मीट्रिक टन, हैफेड ने 40,944 मीट्रिक टन तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 15,018 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। खरीद के साथ-साथ मंडियों से धान का उठान भी जारी है। अब तक कुल 42,616 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि जिले में धान खरीद से अब तक कुल 10,406 किसान लाभान्वित हुए हैं। इनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से 3,397, हैफेड के माध्यम से 5,474 तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 1,535 किसान लाभान्वित हुए हैं।

मंडियों में खरीद की स्थिति के अनुसार डबवाली अनाज मंडी में कुल 11,505 मीट्रिक टन, कालांवाली में 20,101 मीट्रिक टन, रानियां में 3,520 मीट्रिक टन, सिरसा में 5,809 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद में 3,634 मीट्रिक टन, रोड़ी में 5,625 मीट्रिक टन तथा देसूजोधा मंडी में 3,020 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त जिले की अन्य मंडियों में भी धान की खरीद जारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही मंडियों में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।