{"vars":{"id": "91925:5179"}}

कृषि विभाग ने इंडियन पोटाश लिमिटेड के गैर-सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री पर लगाई रोक

कृषि विभाग ने इंडियन पोटाश लिमिटेड के गैर-सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री पर लगाई रोक
 

किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता के लिए लगातार की जा रही निगरानी : डॉ. विनोद कुमार फोगाट

सिरसा,

हरियाणा कृषि विभाग ने उर्वरकों की रैक लगाने संबंधी दिशा-निर्देशों की अवहेलना करने पर मेसर्स इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) को गैर-सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री के लिए जारी प्राधिकरण को तत्काल प्रभाव से और आगामी आदेशों तक निलंबित कर दिया है। किसानों को आगामी रबी 2026-27 सीजन के दौरान खाद की समय पर और समान रूप से उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में यह कार्रवाई की गई है।

कृषि विभाग के निदेशक और अधिसूचित प्राधिकारी अमित खत्री द्वारा जारी आदेश के तहत सभी उर्वरक आपूर्तिकर्ताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि राज्य में किसी भी जगह उर्वरक रैक लगाने से पहले कृषि विभाग से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा, ताकि उर्वरकों का वितरण निर्धारित आवश्यकताओं और खाद की कमी वाले क्षेत्रों के अनुरूप सही ढंग से किया जा सके।

उक्त कंपनी को सिरसा तथा सातरोड, हिसार में डीएपी उर्वरक की रैक को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कंपनी ने निर्धारित स्थानों के बजाय अपनी रैक झज्जर एवं जींद में लगा दी, जिसकी वजह से सिरसा जिले में डीएपी की आपूर्ति में काफी देरी हुई। सातरोड को प्राथमिकता देने के निर्देशों के बाद भी कंपनी ने निर्धारित स्थान के बजाय जींद में रैक लगा दी।

कृषि विभाग द्वारा अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में डीएपी की कमी वाले जिलों में उर्वरक की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कंपनी को बार-बार चेतावनी और निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किए जाने से राज्य की उर्वरक वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई और किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ा। इन परिस्थितियों को बेहद गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने फर्टिलाइजर (कंट्रोल) ऑर्डर, 1985 के क्लॉज 31 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आईपीएल को जारी मेमोरेंडम ऑफ एक्नॉलेजमेंट संख्या 01 को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह 31 मई 2017 को जारी हुआ था और 30 जून 2030 तक वैध था। इस आदेश के साथ ही संबंधित कंपनी के गैर-सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री तुरंत रुकवाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

उप कृषि निदेशक डॉ. विनोद कुमार फोगाट ने कहा कि जिला सिरसा में किसानों को डीएपी और अन्य उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और रैक पॉइंट से लेकर बिक्री केंद्रों तक वितरण प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कंपनियों को हिदायत दी है कि विभाग के निर्देशों की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रबी सीजन में किसानों तक सुचारु रूप से खाद पहुंचाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।