{"vars":{"id": "91925:5179"}}

सीएम विंडो व सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें अधिकारी : अर्पित संगल

सीएम विंडो व सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें अधिकारी : अर्पित संगल
 

सिरसा, 30 अक्टूबर।

अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री शिकायत निवारण प्रणाली (सीएम विंडो) और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित न रखा जाए। सभी शिकायतों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चरणबद्ध कार्रवाई करते हुए उनका समाधान किया जाए। अतिरिक्त उपायक्त शुक्रवार को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक उपरांत संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए

उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं और शिकायतों को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए सीएम विंडो के साथ-साथ सोशल मीडिया का भी सहारा लेते हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लें और उस पर प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर की शिकायतों के निपटान के लिए अधिकारी मुख्यालय के साथ लगातार संपर्क और तालमेल बनाए रखें, ताकि मुख्यालय स्तर पर लंबित मामलों का भी समय रहते निपटारा हो सके। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिन विभागों की शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, वे प्राथमिकता से इनका निपटान करें। शिकायतों के निपटारे में किसी भी लापरवाही या देरी होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी विभाग अपने यहां लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने सोशल मीडिया पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को लेकर भी अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आने वाली जनसमस्याओं पर भी संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान लें और नियमानुसार कार्रवाई करें। इन शिकायतों पर की गई कार्रवाई तथा उनके समाधान की स्थिति से उपायुक्त कार्यालय को भी अवगत करवाया जाए, ताकि उनकी नियमित निगरानी की जा सके। बैठक में डीएसपी सुखबीर सिंह, तहसीलदार प्रदीप कुमार व शुभम शर्मा, सीएमजीजीए पूर्व रोहिल्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।