नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
सेवा संकल्प अभियान के तहत नाथूसरी चौपटा व कालांवाली में शिविर आयोजित
सिरसा,
संकल्प अभियान के तहत बीडीपीओ कार्यालय नाथूसरी चौपटा तथा नगर पालिका कालांवाली में सेवा सेतु अभियान जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा। शिविरों में रोजगार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला बाल कल्याण परिषद, हरियाणा राज्य आजीविका मिशन, मनरेगा, महिला एवं बाल विकास, अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम,एमएसएमई, बिजली निगम, वीटा, पशुपालन विभाग, परिवार पहचान पत्र, जिला कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण विभाग, उद्यान विभाग आदि विभागों ने स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त किए। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, जन सुविधाओं और पात्रता संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजन को बताया कि वे किस प्रकार संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्धारित पात्रता शर्तों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि लोगों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सरकारी सेवाओं की पहुंच को सुगम बनाना तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।