फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम: कृषि यंत्रों के परमिट डाउनलोड करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर
सिरसा, 18 नवंबर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम के तहत लाभार्थी किसानों के कृषि यंत्रों के ऑनलाइन परमिट जारी कर दिए गए हैं। किसान 27 नवंबर तक विभागीय वेबसाइट से अपने परमिट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद किसान संबंधित बिलर के माध्यम से कृषि यंत्र का बिल विभागीय पोर्टल पर निर्धारित तिथि तक अपलोड करवाना सुनिश्चित करें।
सहायक कृषि अभियंता इंजीनियर विजय जैन ने बताया कि किसान परमिट डाउनलोड करते समय तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करवाते समय सभी दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान निर्धारित समयावधि में अपना परमिट डाउनलोड नहीं करता है या आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं करवाता है, तो इसके लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।
उन्होंने सभी लाभार्थी किसानों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते परमिट डाउनलोड कर लें तथा बिल एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज विभागीय पोर्टल पर अपलोड करवाना सुनिश्चित करें।