पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने 400 सफाई कर्मचारियों का किया सम्मान, एक साथ बैठकर किया भोजन
सिरसा।
दीपावली महोत्सव के चौथे भव्य कार्यक्रम के तहत सिरसा के 'रॉयल हवेली' में एक ऐतिहासिक और बेहद आत्मीय 'परिवार मिलन समारोह' आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल, उनके बेटे मनीष सिंगला व पौत्र लक्ष्य सिंगला ने सिरसा शहर के सफाई कर्मचारियों (स्वच्छता दूतों) को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका जोरदार स्वागत और सम्मान किया। इस भव्य दीपावली मिलन समारोह में सिरसा शहर के लगभग 400 सफाई कर्मचारी भाई-बहनों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और समानता का अद्भुत नजारा तब देखने को मिला, जब पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, मनीष सिंगला और लक्ष्य सिंगला ने बिना किसी भेद-भाव के सभी सफाई कर्मचारियों के साथ एक ही पंगत में बैठकर दोपहर का भोजन ग्रहण किया। सिरसा के प्रमुख स्थल रॉयल हवेली में शहर के स्वच्छता प्रहरियों के सम्मान में यह भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर को साफ-सुथरा रखने वाले करीब 400 सफाई कर्मचारी भाई-बहनों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया। सिंगला परिवार ने खुद सफाई कर्मचारियों के साथ बैठकर भोजन किया और उनके साथ खुशियां बांटीं। इस पावन मंच से दीपावली, धनतेरस, अन्नकूट, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, गुरु पर्व और विश्वकर्मा जयंती की सामूहिक शुभकामनाएं दी गईं। प्रो गणेशी लाल ने इस मौके पर कहा कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और बीमारी मुक्त बनाए रखने में हमारे सफाई कर्मचारी भाइयों और बहनों का योगदान अतुलनीय है। वे हमारे परिवार का हिस्सा हैं। आज उनके साथ बैठकर भोजन करना और दीपावली की खुशियां साझा करना हमारे लिए अत्यंत गर्व और सौभाग्य का क्षण है। समारोह को संबोधित करते हुए मनीष सिंगला ने उपस्थित सभी सफाई कर्मचारियों और उनके परिजनों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और संपन्नता की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता दूतों के चेहरे पर आई यह मुस्कान ही इस दीपावली महोत्सव की सबसे बड़ी सफलता है। इस आत्मीय सम्मान और स्नेह को पाकर कार्यक्रम में पहुंचे सभी सफाई कर्मचारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे शहर में इस पहल की जमकर सराहना की जा रही है।