हारे का सहारा ट्रस्ट ने बुर्जकर्मगढ़ में भरा 100वां भात
सिरसा।
भैया दूज के पावन और पवित्र पर्व पर हारे का सहारा चेरिटेबल ट्रस्ट ने 100वां भात भरा। ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला गांव बुर्ज कर्मगढ़ स्थित निवास स्थान पहुंचे, जहां उन्होंने सुरजीत कौर और महेंद्र सिंह की बेटी रीटा रानी का भात भरा। इस परंपरा के निर्वहन के दौरान परिवार और आसपास के क्षेत्र में भारी उत्साह व खुशी का माहौल देखने को मिला। अपने जीवन के इस 100वें भात के ऐतिहासिक पड़ाव पर मनीष सिंगला भावुक और प्रसन्न नजर आए। उन्होंने इस अवसर पर परिवार का दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परिवार ने उन्हें यह परम सौभाग्य प्रदान किया है, जिससे उनके जीवन में आनंद और उत्सव के अनमोल क्षण आए हैं। इस भव्य आयोजन के दौरान मनीष सिंगला ने अपनी इस सेवा और स्नेह यात्रा का श्रेय आस्था और अपनों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि श्री श्याम प्रभु के असीम आशीर्वाद, पितृ देवों की कृपा, अपनी माताश्री स्वर्गीय सुशीला देवी की अनुकंपा और सभी बहन-बेटियों के आशीर्वाद से ही उन्हें जीवन में यह परम सौभाग्य मिल रहा है। उन्होंने श्री चरणों में प्रार्थना की कि बहन-बेटियों के भात भरने और मायरा की यह गौरवशाली संस्कृति व सिलसिला इसी तरह निरंतर आगे भी चलता रहे। इस मौके पर मनीष जिंदल, निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया इत्यादि मौजूद थे।