{"vars":{"id": "91925:5179"}}

स्थानीय पंचायत भवन में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

स्थानीय पंचायत भवन में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
 

सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, नैतिक मूल्यों और कर्तव्य पालन का दिया संदेश

सिरसा,

संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट और मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगराधीश अजय सिंह ने की। इस अवसर पर भाजपा नेता अंग्रेज सिंह, हिंदी प्रवक्ता चिमन भारतीय मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और रामायण में निहित आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, नैतिक मूल्यों और कर्तव्य पालन का संदेश दिया।

नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन और उनकी रचनाएं समाज को ज्ञान, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाती हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को सही दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को लेकर आज समाज में जागरूकता बढ़ाने और उनके विचारों का ज्यादा से ज्यादा प्रसार करने की आवश्यकता है। उन्होंने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि समाज में आपसी एकता और सद्भाव बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। चेयरमैन शांति स्वरूप ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं केवल किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने सभी से आपसी मतभेदों को दूर कर भाईचारे और एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

वहीं, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा ने कहा कि किसी देश और समाज की महानता केवल ऊंची इमारतों, बड़ी सडक़ों और औद्योगिक विकास से नहीं मापी जाती, बल्कि उसके नागरिकों के जीवन मूल्यों, संस्कारों और नैतिक आचरण से तय होती है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी द्वारा रचित रामायण मानव जीवन के आदर्शों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। रामायण में माता-पिता के प्रति सम्मान, भाईचारे, गुरु-शिष्य परंपरा और कर्तव्य पालन की महत्वपूर्ण शिक्षाएं मिलती हैं। जगदीश चोपड़ा ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि मातृभूमि का महत्व स्वर्ग से भी बढकऱ है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना है। उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार देने और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की रामायण सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय मूल्यों का संदेश देती है। रामायण में व्यक्ति की महानता को उसके जन्म के बजाय उसके कर्मों और आचरण से जोडकऱ देखा गया है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देने वाला ग्रंथ भी है। इसमें माता-पिता के प्रति सम्मान, भाई-भाई के प्रेम, पति-पत्नी के समर्पण, मित्रता और कर्तव्य पालन जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में परिवारों और समाज में नैतिक मूल्यों को और मजबूत करने की आवश्यकता है। बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार देने चाहिए, ताकि वे अपने परिवार, समाज और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में आपसी भाईचारे, एकता तथा सद्भाव को बढ़ावा दें।