{"vars":{"id": "91925:5179"}}

22 नवंबर को कालांवाली में आयोजित होगी यूथ मैराथन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शुभारंभ

22 नवंबर को कालांवाली में आयोजित होगी यूथ मैराथन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शुभारंभ
 

नशे के खिलाफ आमजन में जागरूकता फैलाने और युवाओं को खेलों से जोडऩे के उद्देश्य से आगामी 22 नवंबर को कालांवाली में यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी कालांवाली की अनाज मंडी के नजदीक मार्केट कमेटी कार्यालय के पास से यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने सोमवार को यूथ मैराथन की तैयारियों को लेकर लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल एवं समन्वय के साथ कार्य करें और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय रहते पूरा करना सुनिश्चित करें।

एडीसी ने कहा कि मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं। आयोजन स्थल, मैराथन रूट, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कालांवाली सहित आसपास के गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा एवं आमजन इस मैराथन में भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों तथा सामाजिक संगठनों के माध्यम से भी लोगों को मैराथन के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि मैराथन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे इस आयोजन में बढ़-चढक़र भाग लें और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। फोटो कैप्शन: 07