एनएसओ नवंबर माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में करेगा सर्वेक्षण, नागरिकों से सहयोग की अपील
सिरसा, 3 नवंबर।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) वर्ष 1950 से परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न प्रकार की सूचनाएं एकत्र करने का कार्य कर रहा है। इन सूचनाओं का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर योजनाओं के निर्माण तथा नीतियों के निर्धारण में किया जाता है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय हिसार ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा समय-समय पर विभिन्न घरेलू एवं व्यावसायिक सर्वेक्षण करवाए जाते हैं। इनमें आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति आकलन सर्वेक्षण तथा गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण सहित अन्य सर्वेक्षण शामिल हैं। इन सर्वेक्षणों के तहत एनएसओ के अधिकारी चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एकत्र करते हैं। इन सर्वेक्षणों के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान किसी भी रिपोर्ट अथवा प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती। इन आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों, योजनाओं के निर्माण तथा नीतिगत निर्णय लेने के लिए किया जाता है।
नवंबर माह के दौरान एनएसओ (एफओडी) की ओर से सिरसा जिले में विभिन्न सर्वेक्षण करवाए जाएंगे। प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण के तहत शहरी क्षेत्र सिरसा तथा ग्रामीण क्षेत्र कालुआना को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण ग्रामीण क्षेत्र के गांव बालासर (228) में किया जाएगा। गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई) के तहत शहरी क्षेत्र ऐलनाबाद तथा ग्रामीण क्षेत्र रामपुरा बिश्नोइयां (254) में सर्वेक्षण होगा। इसी प्रकार आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के तहत ग्रामीण क्षेत्र के गांव चकजालू (257) और नुहियांवाली (249) तथा शहरी क्षेत्र सिरसा को शामिल किया गया है। ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण के तहत शहरी क्षेत्र सिरसा तथा ग्रामीण क्षेत्र के गांव मत्तड़ (166), थिराज (174) और भड़ोलांवाली (229) में जानकारी एकत्र की जाएगी। वहीं, स्थिति आकलन सर्वेक्षण ग्रामीण क्षेत्र के गांव मत्तड (166), थिराज (174) और भड़ोलांवाली (229) में किया जाएगा। जिले के सभी नागरिकों एवं उद्यमों से अपील है कि सर्वेक्षण के दौरान आने वाले अधिकारियों को पूरा सहयोग दें और मांगी गई जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध करवाएं, ताकि एकत्रित आंकड़ों के आधार पर बेहतर योजनाओं एवं नीतियों का निर्माण किया जा सके।