राष्ट्रीय बालिका दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं को किया जाएगा सम्मानित
सिरसा, 03 नवंबर।
महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान एवं उपलब्धियां हासिल करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा के निदेशालय द्वारा प्रदेश के सभी जिलों से योग्य बालिकाओं के नामों की अनुशंसा मांगी गई है। ऐसी बालिकाएं जिन्होंने सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरुकता फैलाने, शिक्षा को बढ़ावा देने, पौधारोपण, स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों तथा मीडिया एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य या उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, उनके नाम भेजे जा सकते हैं।
जिला के नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं संबंधित विभागों से अपील की जाती है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की पात्र एवं प्रतिभाशाली बालिकाओं के नामों की अनुशंसा आवश्यक जानकारी सहित 30 नवंबर तक संबंधित कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि योग्य बालिकाओं के नाम समय रहते राज्य मुख्यालय को भेजे जा सकें। नामांकन प्रक्रिया एवं आवश्यक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सिरसा के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।