{"vars":{"id": "91925:5179"}}

नशे के खिलाफ रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने दिया एकजुटता का संदेश

नशे के खिलाफ रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने दिया एकजुटता का संदेश
 

डबवाली, 31 अक्टूबर।

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को उपमंडल के गांव गोरीवाला में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ गांव के मुख्य चौक से शुरू होकर स्वामी विवेकानंद स्कूल तक आयोजित की गई। इस दौड़ के तहत 16 वर्ष, 18 वर्ष, वरिष्ठ नागरिक एवं ओपन वर्ग में अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, एसडीएम योगेश दिलहोर, भाजपा डबवाली की जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा, नगर पालिका चेयरमैन सतीश जग्गा, वाइस चेयरमैन अमीलाल पारीक, राजप्रीत मांगेआना और चाणक्य शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस अवसर पर उपस्थितजनों को नशा न करने की शपथ भी दिलवाई गई।

पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज को एकजुट होकर नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों व सकारात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

एसडीएम योगेश दिलहोर ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खिलाफ केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर डीएसपी योगेश कटारिया, तहसीलदार सुनील कुमार, बीडीपीओ हरीश कुमार, एसएमओ डॉ. सुजीत गोयल, एएसएमओ डॉ. हरसिमरन और बीईओ राजेंद्र जाखड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।