श्री विष्णु क्लब की रामलीला: श्रवण कुमार के प्रसंग ने दर्शकों को किया भावुक, श्री राम के जन्मोत्सव पर गूंजे जयकारे
सिरसा। सूरतगढ़िया चौक स्थित श्री विष्णु क्लब के मंच पर आयोजित रामलीला के दूसरे दिन आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंचन के दौरान जहां श्रवण कुमार के मार्मिक प्रसंग ने पंडाल में मौजूद हर दर्शक की आंखें नम कर दीं, वहीं भगवान श्री राम के जन्मोत्सव के साथ ही पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘भये प्रगट कृपाला’ के जयकारों से गूंज उठा। श्री विष्णु क्लब के प्रधान दीपक सेठी ने बताया कि दूसरे दिन की शुरुआत श्रवण कुमार के प्रसंग से हुई। कलाकारों ने दिखाया कि किस प्रकार मातृ-पितृ भक्त श्रवण कुमार अपने अंधे माता-पिता को कांवड़ में बैठाकर तीर्थ यात्रा पर ले जाते हैं। प्यास बुझाने के लिए जब श्रवण कुमार सरयू नदी से जल भरने पहुंचे, तो अनजाने में राजा दशरथ का शब्दभेदी बाण उन्हें लग गया। श्रवण कुमार के अंतिम शब्दों और उनके वृद्ध माता-पिता द्वारा राजा दशरथ को दिए गए पुत्र वियोग के श्राप के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया कलाकारों के जीवंत अभिनय ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया। इसके पश्चात मंच पर राजा दशरथ द्वारा पुत्रेष्टि यज्ञ कराने और अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के अवतरण का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया। जैसे ही भगवान श्री राम का जन्म हुआ, मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक पुष्प वर्षा शुरू हो गई। आतिशबाजी के साथ अयोध्या में जन्मोत्सव का दृश्य जीवंत हो उठा। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बधाई गीत गाए और आरती उतारकर प्रभु का आशीर्वाद लिया। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और दर्शकों में प्रसाद वितरित किया गया। क्लब के महासचिव प्रेम शर्मा ने बताया कि रामलीला केवल मंचन नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और संस्कारों की पाठशाला है। श्रवण कुमार का चरित्र युवाओं को माता-पिता की सेवा का संदेश देता है, वहीं प्रभु श्री राम का जीवन धर्म और मर्यादा का मार्ग दिखाता है। इस मौके पर इस मौके पर दीपक सेठी, प्रेम शर्मा, आकाश साहनी, सुमित कथूरिया, हैरी हमराज, सुभाष मेहरा, अरविंद साहनी, सुरेश गुगलानी, विकास सेठी, अरुण भारद्वाज, अशोक शर्मा, विकास सुखीजा,रोहित मेहता, लवली बजाज, केवल सेठी, वीरेंदर वधवा, टिंकू सिंह नेगी, दीपक ऐलावादी, अंकुश मेहता, साहिल शर्मा, अजय डोडा, रिंकू शर्मा, रवि शर्मा, विकास ऐलावादी, धीरज ग्रोवर, पंकज ग्रोवर, रूपांश चावला, प्रिंस शर्मा, शंटी ग्रोवर, साकु, सुनील तनेजा,वंश, नरेंद्र चोपड़ा, अंकित शर्मा, लोकेश, जतिन नागपाल,राकेश ग्रोवर, अजय कैथ इत्यादि उपस्थित रहे।