श्री विष्णु क्लब की रामलीला में छाया सातवां दिन: शूर्पणखा की नाक काटने से लेकर सीता हरण तक के मर्मस्पर्शी दृश्यों ने मोहा दर्शकों का मन
संजू महंत और डॉ. मनदीप गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत, कलाकारों के अभिनय को सराहा रावण के छल और लक्ष्मण द्वारा मर्यादा के पालन के दृश्यों ने किया दर्शकों को भावुक
सिरसा।
श्री विष्णु क्लब के प्रांगण में आयोजित भव्य रामलीला के सातवें दिन दर्शकों का सैलाब उमड़ पड़ा। रामकथा के इस सबसे रोमांचक और निर्णायक पड़ाव पर मंचित दृश्यों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक भावविभोर हो उठे। इस भव्य मंचन में हरियाणा गदीपति संजू महंत, शिष्य महक महंत, प्रतिज्ञा महंत, मुस्कान महंत, अंशु महंत व इंद्रा महंत और डॉ. मनदीप गर्ग ने विशेष रूप ने शिरकत की। क्लब के प्रधान दीपक सेठी ने बताया कि मंचन का मुख्य आकर्षण वह दृश्य रहा जब पंचवटी में खलनायिका शूर्पणखा कुदृष्टि लेकर पहुँचती है। भगवान श्रीराम के मना करने और मर्यादा की रक्षा करते हुए जब लक्ष्मण जी ने शूर्पणखा की नाक काटी, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। शूर्पणखा के अपमान का बदला लेने के लिए उसके भाई खर और दूषण अपनी विशाल सेना के साथ श्रीराम पर आक्रमण करते हैं। भगवान राम और राक्षसी सेना के बीच हुआ यह भीषण भ्रातृ युद्ध (युद्ध का प्रसंग) बेहद रोमांचक और युद्ध कौशल से भरपूर रहा, जिसे देखकर दर्शकों की साँसें थम गईं। सातवें दिन का सबसे बड़ा और मर्मस्पर्शी प्रसंग रावण का सीता हरण रहा। मारीच के छलावें और स्वर्ण मृग वध के बाद, भिक्षुक के वेश में आए दशानन रावण ने लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन करवाकर माता सीता का छलपूर्वक हरण कर लिया। इस दृश्य के दौरान मंच पर ऐसा भावनात्मक माहौल बना कि कई दर्शकों की आँखें नम हो गईं। इस अवसर पर मंच को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संजू महंत व डॉक्टर मनदीप गर्ग ने कहा कि श्री विष्णु क्लब द्वारा आयोजित यह रामलीला केवल एक धार्मिक मंचन नहीं है, बल्कि यह हमारी युवा पीढ़ी को संस्कारों, त्याग और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी कलाकारों की कलात्मक प्रस्तुति और उनके जीवंत अभिनय की जमकर सराहना की। इसी के साथ साथ संजू महंत ने मंच से आह्वान किया कि आप सभी नशे से दूर रहे और समाज को नशा मुक्त बनाने में अहम भूमिका अदा करें। जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने रावण का अंत करके बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया, उसी प्रकार हम सभी को एकजुट होकर नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए आगे आना होगा। कार्यक्रम के अंत में क्लब की ओर से आए हुए सभी अतिथियों, सहयोगियों और नगरवासियों का धन्यवाद किया गया। वृंदावन से आए पंडित शास्त्री राम शंकर शर्मा ने अपने मुखारविंद से लोगों को निहाल किया। श्री विष्णु क्लब के महासचिव प्रेम शर्मा ने बताया कि इस बार की रामलीला में आधुनिक तकनीक, प्रकाश व्यवस्था और ध्वनि प्रभावों का बेहतरीन तालमेल बिठाया गया है, जिससे दर्शकों को हर एक प्रसंग जीवंत प्रतीत हो रहा है। इस मौके दीपक सेठी, प्रेम शर्मा, आकाश साहनी, सुमित कथूरिया, हैरी हमराज, सुभाष मेहरा, अरविंद साहनी, सुरेश गुगलानी, विकास सेठी, अरुण भारद्वाज, अशोक शर्मा, विकास सुखीजा,रोहित मेहता, लवली बजाज, केवल सेठी, वीरेंदर वधवा, टिंकू सिंह नेगी, दीपक ऐलावादी, अंकुश मेहता, साहिल शर्मा, अजय डोडा, रिंकू शर्मा, रवि शर्मा, विकास ऐलावादी, धीरज ग्रोवर, पंकज ग्रोवर, रूपांश चावला, प्रिंस शर्मा, शंटी ग्रोवर, साकु, सुनील तनेजा,वंश, नरेंद्र चोपड़ा, अंकित शर्मा, लोकेश, जतिन नागपाल,राकेश ग्रोवर, अजय कैथ इत्यादि उपस्थित रहे।