विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सिरसा,
सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चलाए जा रहे पेन इंडिया स्कूल अवेयरनेस कैंपेन के अंतर्गत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, सिरसा द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा। इस अभियान के तहत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी सिरसा के चेयरमैन डॉ. मदन लाल ने महाराजा अग्रसेन स्कूल सिरसा, आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल जलालआना तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केवल में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध कानून, साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन सुरक्षा तथा बच्चों के हितों एवं अधिकारों से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक दीं। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीडऩ अथवा साइबर अपराध की स्थिति में चुप न रहने तथा उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कमेटी सदस्य एडवोकेट भावना शर्मा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढुकडा में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह की रोकथाम तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। वहीं कमेटी के सदस्य अनिल ढीढ़ारिया ने खाईशेरगढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बच्चों को बाल संरक्षण, सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि बाल विवाह एक कानूनी अपराध है तथा बच्चों के साथ होने वाले यौन शोषण और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्हें सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।