{"vars":{"id": "91925:5179"}}

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए गणना प्रपत्र व घोषणा पत्र जमा करवाएं : उपायुक्त शांतनु शर्मा

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए गणना प्रपत्र व घोषणा पत्र जमा करवाएं : उपायुक्त शांतनु शर्मा
 

एएसडीडी सूची में शामिल 96,848 मतदाताओं का होगा पुनः सत्यापन, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे संपर्क

सिरसा, 11 नवंबर।  

उपायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत एएसडीडी सूची यानि अनुपस्थित, स्थान बदलने, मृत और दोहरे नाम जैसी स्थिति में ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम न होने पर उचित दस्तावेज के साथ सूची में नाम जुड़वाने संबंधी प्रक्रिया के बारे में बताया गया। उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुए हैं, वे मतदाता गणना प्रपत्र एवं निर्धारित घोषणा पत्र जमा करवा कर अपना नाम पुनः मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते है। इस कार्य के लिए सभी बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर इन मतदाताओं की पुनः वेरिफिकेशन करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला सिरसा में पांचों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अनुसार एएसडीडी की कुल संख्या 96848 है जिनमें कालांवाली में 10303, डबवाली में 18852, रानियां में 12058, सिरसा में 47697 और ऐलनाबाद में 7938 है।

बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर करेंगे संपर्क

उन्होंने बताया कि जिला के सभी बूथ लेवल अधिकारी एएसडीडी सूची अनुसार राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के समन्वय से ऐसे मतदाताओं से सम्पर्क करते हुए घर-घर जाकर वैरीफिकेशन करेंगे। इसके अलावा पड़ोंसियो, परिवार के सदस्यों एवं उपलब्ध संपर्क माध्यमों से भी जानकारी प्राप्त करेगे उनसे गणना प्रपत्र तथा घोषणा पत्र भरवाकर पुनः उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज करेंगे ।

निवास स्थान नहीं बदलने की स्थिति में...

जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, वे पूर्ण विवरण के साथ एवं हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र अनुलग्रक बी में निर्धारित घोषणा पत्र बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करवाएंगे, तथा घोषणा प्रपत्र में पहले गणना प्रपत्र जमा नहीं करवा पाने का कारण भी बताना होगा।

इन मतदाताओं को फार्म आठ भरने की जरूरत नहीं

उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता ने हरियाणा राज्य के अंदर ही अपना निवास स्थान बदला है, तो उसे फार्म 8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाता नए पते एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ अनुलग्रक सी में निर्धारित घोषणा पत्र एव पते का प्रमाण संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी/सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के पास जमा करवा सकेगें। इसके अतिरिक्त जिन मतदाताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नए पंजीकरण के लिये पहले ही फार्म न. 06 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे आमजन को इस बारे अधिक से अधिक जागरूक करें, ताकि सभी पात्र व्यक्ति इस अवसर का लाभ उठा सकें तथा कोई भी व्यक्ति वोट बनाने से वंचित ना रहे। अन्य जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर भी सम्पर्क कर सकते हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों से कुलदीप, हंसराज सामा, विजय कुमार, प्रेम राठी, तरुण, अनिल कुमार, बलबीर कौर, रामधन आदि प्रतिनिधि मौजूद रहे।