सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सिरसा, 01 नवंबर।
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 26 से 31 अक्टूबर तक सिरसा जिले में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत विशेष कानूनी जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत सिरसा, ऐलनाबाद और मंडी डबवाली के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान आरोही मॉडल स्कूल, सिरसा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने विद्यार्थियों को बच्चों की सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया।
इसी कड़ी में श्री राम न्यू सतलुज पब्लिक स्कूल, सिरसा, सावन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिरसा, राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय, पुलिस लाइन सिरसा, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मंडी डबवाली तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय नंबर-3, मंडी डबवाली सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
न्यायिक अधिकारियों और विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारियां
कार्यक्रमों में मुख्य वक्ता के रूप में सिरसा के न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी माधव अग्रवाल, रमनदीप कौर, श्रुति तथा डबवाली की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कृतिका ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं। इनके अलावा बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, साइबर सेल सिरसा के अधिकारी, कानूनी साक्षरता प्रभारी नरिंदर सिंह, पैनल अधिवक्ता जतिन गोनल, अलका रानी तथा अधिवक्ता दविंदर कौर ने भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह और साइबर सुरक्षा पर किया जागरूक
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों, बच्चों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार और ऐसे मामलों में लागू कानूनी कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही नालसा की ‘बच्चों को बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना, 2024’ की जानकारी भी दी गई।
विशेषज्ञों ने बाल विवाह की रोकथाम, इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में सतर्क रहें तथा शोषण या दुर्व्यवहार का सामना करने पर बिना किसी डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
नालसा की हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी
कार्यक्रम में सभी रिसोर्सपर्सन ने विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्ति मुफ्त कानूनी सलाह एवं सहायता प्राप्त कर सकता है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें शोषण एवं दुर्व्यवहार से बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए जागरूकता बढ़ाना रहा।