सिरसा में अमूल द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त हस्तांतरण कार्यक्रम का वर्चुअल आयोजन
सिरसा।
सरदार पटेल को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (अमूल) और दूधसागर नेशनल मेहसाणा ज़िला सहकारी दूध उत्पादक लिमिटेड के तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में मिल्क चिलिंग सेंटर (मेहसाणा यूनियन), डूमरा कोल्ड स्टोरेज एंड एलाइड इंडस्ट्रीज, सीएनजी पंप के पास, एयर फोर्स स्टेशन के सामने, डबवाली रोड पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पात्र किसानों के खातों में 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना' की 24वीं किस्त हस्तांतरित करने का वर्चुअल (ऑनलाइन) सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इस योजना के तहत मिलने वाली वित्तीय राशि से किसानों को सीधी आर्थिक सहायता प्राप्त होगी, जिससे उन्हें अपनी कृषि संबंधी ज़रूरतों को पूरा करने में सहूलियत मिलेगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना, सहकारिता की भावना को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। साथ ही, इस अवसर पर राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता में सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को भी याद किया जाएगा। सिरसा अवशीतन केंद्र (मिल्क चिलिंग सेंटर) के प्रभारी यशपाल परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम में दूधसागर नेशनल (अमूल) के हरियाणा स्टेट कोऑर्डिनेटर अजय कुमार कस्वा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ-साथ क्षेत्र के सैकड़ों दूध उत्पादक और स्थानीय किसान भी उपस्थित रहेंगे।