{"vars":{"id": "91925:5179"}}

यूथ वीरांगना संस्था ने डबवाली रोड पार्क में झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों संग बांटी खुशियां

यूथ वीरांगना संस्था ने डबवाली रोड पार्क में झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों संग बांटी खुशियां
 

सिरसा।

समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी संस्था यूथ वीरांगना द्वारा दीपावली महोत्सव के पावन अवसर पर एक विशेष और मानवीय पहल का आयोजन किया गया। संस्था की पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डबवाली रोड स्थित पार्क में स्लम एरिया (झुग्गी-झोपड़ी) के बच्चों को आमंत्रित कर उनके साथ खुशियां बांटी और दीपोत्सव का पर्व बड़े ही उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से जरूरतमंद बच्चों को दीपावली के अवसर पर दीये, सरसों का तेल, मिठाइयां एवं नए वस्त्र वितरित किए गए। नए कपड़े और त्योहार की सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर संस्था की सदस्य सुजाता ने बच्चों को एकत्र कर दीपावली पर्व के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि दीपावली केवल पटाखे जलाने का नाम नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई की विजय और आपस में प्रेम व भाईचारा बांटने का पवित्र त्योहार है। इस मौके पर नीलम, प्रवीण, रेखा, सुजाता, रीना, सुमन और सुरभि का विशेष योगदान रहा। संस्था की सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार समाज के वंचित व जरूरतमंद वर्ग के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।