सोनीपत में 4 मंजिला फैक्ट्री में भीषण आग, 5 घंटे से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन; दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
सोनीपत। कुंडली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक चार मंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है, जिसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया है। इस फैक्ट्री में स्टील के बर्तन बनाने का काम होता है। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दमकल विभाग को सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि कुंडली में दिल्ली सीमा के निकट स्थित स्टील के बर्तन बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लग गई है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग की भीषणता देखते हुए अन्य स्टेशनों से भी फायर टेंडरों को मौके पर बुलाया है।
आग पर काबू पाने में जुटी टीम
जानकारी के अनुसार, 10-12 फायर टेंडरों की मदद से दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं। आग की विकरालता की वजह से 5 घंटे बाद भी राहत कर्मी फैक्ट्री के अंदर प्रवेश पाने में असमर्थ हैं।
मौके पर मौजूद दमकल कर्मियों के अनुसार, लगभग पूरी फैक्ट्री में आग है। फैक्ट्री के अंदर सामान होने की वजह से आग बेकाबू है।