सोनीपत में 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, एंटी करप्शन ब्यूरो ने की बड़ी कार्रवाई
हरियाणा के सोनीपत में भिवानी एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां गन्नौर तहसील में तैनात हलका पटवारी को एसीबी ने 90 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अब टीम आरोपी को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू करेगी।
क्या है मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सचिन पटवारी गांव उमेदगढ़ का रहने वाला है और वह गन्नौर का हल्का पटवारी है। आरोप है कि एक कंपनी के बैंक लोन को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने के एवज में पटवारी ने कंपनी के व्यक्ति से रिश्वत की मांग की थी। आरोपी सचिन ने कंपनी के व्यक्ति से लोन इंद्राज करने के बदले 2 लाख रुपये मांगे। लेकिन बातचीत के बाद 1 लाख रुपये रिश्वत की रकम तय हुई थी।
पटवारी द्वारा रिश्वत की मांग करने पर कंपनी के व्यक्ति ने मामले की शिकायत भिवानी एसीबी को दी। जिसके बाद टीम ने ट्रैप लगाकर शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर पटवारी के पास भेजा। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने पटवारी को 90 हजार रुपये दिए। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत ली तो एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
एसीबी की ओर से आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद अदालत के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।