हरियाणा में बिजली मीटर से छेड़छाड़ करना पड़ेगा महंगा, सरकार के इस कदम से तुरंत पकड़ी जाएगी चालाकी
हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। बता दें कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) ने बिजली मीटरों से छेड़छाड़ पर नजर रखने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी कर ली है। इसके लिए दोनों बिजली निगमों द्वारा 57 लाख टैम्पर प्रूफ पॉलीकार्बोनेट सील की खरीद की जाएगी।
DHBVN की एमएम विंग के एक्सईएन रविंद्र घणघस ने बताया कि दोनों बिजली वितरण निगम न्यूनतम 38 लाख और अधिकतम 57 लाख सील की खरीद करेंगे। दोनों निगमों ने इसके लिए निविदा जारी कर दी है। इन सील को मीटरों पर लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि टैम्पर प्रूफ पॉलीकार्बोनेट सील मजबूत प्लास्टिक से बनी होती है। इसे मीटर तक इस तरह से लगाया जाता है कि अनधिकृत तरीके से मीटर खोलने या उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश का पता लगाया जा सकेगा। मीटर की सील को तोड़े बिना उसके साथ छेड़छाड़ करना आसान नहीं होता।
बिजली चोरी रोकने में मिलेगी मदद
XEN वीरेंद्र घणघस ने बताया कि टैम्पर प्रूफ पॉलीकार्बोनेट सील मीटर की सुरक्षा के साथ-साथ बिजली चोरी की आंशका वाले मामलों की जांच में भी मददगार साबित होगी। हालांकि, केवल सील टूटना ही बिजली चोरी का पुख्ता प्रमाण नहीं माना जाएगा। मीटर की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।