Haryana: बल्लभगढ़ में 8.25 करोड़ की लागत से चकाचक बनेगी ये सड़क, कई गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा
हरियाणा में बेहतर कनेक्टिविटी और सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार नए प्रयास कर रही है। इसी बीच सरकार ने फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र से दर्जनों गांवों को बड़ी सौगात दी है। यहां फतेहपुर बिल्लौच से अटेरना तक की सड़क को अब चकाचक बनाया जाएगा।
खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी सड़क की बहुत जल्द तस्वीर बदलने जा रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग सवा 8 करोड़ रुपए की लागत से इस सड़क को नए सिरे से बनाया जाएगा। जिससे इस रूट से सफर करने वाले वाहन चालकों को बड़ा फायदा मिलेगा।
वर्तमान में यह सड़क बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में बनी हुई है। सड़क कम और गढ्ढे ज्यादा दिखाई दे रहे हैं जिससे आए दिन दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। बारिश के मौसम में तो हालात और भी ज्यादा बत्तर हो जाते हैं। लेकिन अब इस सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने से दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और उनके लिए सफर करना आरामदायक व सुरक्षित हो जाएगा।
बता दें कि फतेहपुर बिल्लौच पेट्रोल पंप के सामने से अटेरना गांव तक सड़क निर्माण कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। जवां गांव में फिलहाल लगे सीमेंटेड स्लैब हटाकर वहां सीमेंटेड मार्ग बनाया जाएगा। लंबे समय से इस सड़क मार्ग के निर्माण की मांग उठाई जा रही थी। लेकिन अब बहुत जल्द सड़क मार्ग का नए सिरे से निर्माण कर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी। लोगों को शहर आवागमन के लिए बेहतर सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी।
दर्जनों गांवों को मिलेगा फायदा
इस सड़क मार्ग के निर्माण से लढौली, डीग, फतेहपुर बिल्लौच, पन्हैड़ा कलां, जवां, ककड़ीपुर, अटेरना, घाघौट, गोपीखेड़ा, सदरपुर, अलावलपुर, जल्हाका और मोहना की आबादी के लिए आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी। अभी में इस सड़क मार्ग से सफर करने में लगभग 1 घंटे का समय लगता है। लेकिन सड़क निर्माण कार्य पूरा होने पर यह समय घटकर मात्र 30 मिनट रह जाएगा।