{"vars":{"id": "91925:5179"}}

Haryana-Bihar Bus Service: हरियाणा से बिहार का सफर होगा आसान! पटना-पूर्णिया समेत 12 अंतरराज्यीय रूटों पर दौड़ेंगी बसें, यात्रियों को बड़ी सौगात

Haryana-Bihar Bus Service: हरियाणा से बिहार का सफर होगा आसान! पटना-पूर्णिया समेत 12 अंतरराज्यीय रूटों पर दौड़ेंगी बसें, यात्रियों को बड़ी सौगात
 

Haryana-Bihar Bus Service: हरियाणा और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। दोनों राज्यों के बीच आवाजाही को बेहद आसान और आरामदायक बनाने के लिए जल्द ही 12 अंतरराज्यीय रूटों पर सीधी बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं, जिनमें एक्सप्रेस, डीलक्स, डीलक्स एसी और एसी स्लीपर बसें शामिल होंगी। इस योजना के तहत गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला से पटना, पूर्णिया, मधुबनी और गया के लिए सीधी बसें चलाई जाएंगी।

इनमें सबसे लंबा रूट अंबाला से पूर्णिया का (1470 किमी) होगा, जबकि गुरुग्राम से पटना की दूरी 1044 किमी रहेगी। परिवहन सचिव अतुल द्विवेदी ने इस समझौते की अधिसूचना जारी कर 30 दिनों में सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं।

इस व्यवस्था में परमिट, किराया, टैक्स, वाहनों की उम्र और यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ अवैध बसों के संचालन पर रोक लगाने के कड़े नियम बनाए गए हैं। हालांकि बसों की समय-सारिणी और दैनिक फेरे अभी तय होने बाकी हैं, जिन्हें दोनों राज्यों के परिवहन प्राधिकरण आपसी परामर्श से जल्द अंतिम रूप देंगे।

जानें रूट कहां से कहां तक और रास्ते में कितने स्टॉपेज

गंतव्य शुरुआती शहर कुल दूरी (किमी) प्रमुख स्टॉपेज स्टॉपेज की संख्या

पटना गुरुग्राम 1044 सोहना, पलवल, अलीगढ़, लखनऊ, आलमबाग, आजमगढ़, बक्सर, आरा 8

पटना पानीपत 1069 दिल्ली, नोएडा, आजमगढ़, बक्सर, आरा 5

पटना अंबाला 1274 करनाल, मेरठ, बुलंदशहर, एटा, लखनऊ, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, कुशीनगर, गोपालगंज 10

पूर्णिया गुरुग्राम 1267 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5

पूर्णिया पानीपत 1361 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5

पूर्णिया अंबाला 1470 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5

गया गुरुग्राम (रूट-1) 1081 दिल्ली, अलीगढ़, फिरोजाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मुगलसराय, भभुआ, सासाराम, औरंगाबाद 9

गया गुरुग्राम (रूट-2) 1099 दिल्ली, अलीगढ़, फिरोजाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मुगलसराय, भभुआ, सासाराम, औरंगाबाद 9

गया अंबाला 1224 विवरण उपलब्ध नहीं उल्लेख नहीं

मधुबनी गुरुग्राम 1183 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5

मधुबनी पानीपत 1264 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5

मधुबनी अंबाला 1378 लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा 5

10 साल से पुरानी बसें नहीं चलेंगी

यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित अंतरराज्यीय मार्गों पर 10 साल पुरानी बसों को चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दूसरे राज्य में टैक्स बकाया होने पर आवेदक को नया परमिट भी जारी नहीं किया जाएगा। अस्थायी मालवाहक परमिट एक बार में अधिकांश 30 दिन के लिए जारी किए जा सकते है।

पर्यटक बसों के लिए 15 दिन का परमिट दिया जाएगा। बसों में वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और कम से कम एक आपातकालीन बटन लगाना जरूरी रहेगा। बस खराब की स्थिति में दोनों राज्यों को एक-दूसरे के वाहनों को प्राथमिकता से सहायता उपलब्ध करानी होगी।

दीवाली और छठ पर चलेंगी विशेष बसें

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम दीवाली और छठ महापर्व पर पटना से हरियाणा के लिए सात, गया से दो, पूर्णिया से 18 तथा दरभंगा से 22 स्पेशल बसें चलाएगा। खास बात यह कि बस के किराये में छूट भी दी जा रही है।

भागलपुर से अंबाला रूट पर एसी स्लीपर बस का वास्तविक किराया 3603 रुपये है, जिस पर 1113 रुपये की छूट दी जा रही है। पूर्णिया से अंबाला रूट का किराया 3462 रुपये है, जिस पर 1103 रुपये की छूट है। इसी तरह मधुबनी से अंबाला रूट पर वास्तविक किराया 3257 रुपये है, जिस पर 1092 रुपये की छूट मिल रही है।