{"vars":{"id": "91925:5179"}}

दीवाली की रात यमुनानगर में भीषण आग, गोदाम का लाखों का सामान जलकर राख

दिवाली की रात बस स्टैंड के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की एक दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम से उठती आग की भयानक लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं।
 

यमुनानगर। दिवाली की रात बस स्टैंड के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की एक दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने गोदाम से उठती आग की भयानक लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, आसपास के लोगों ने गजब की सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले दुकान की बिजली सप्लाई कटवाई और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को हादसे की सूचना दी।

मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस भीषण हादसे में दुकान और गोदाम में रखा सारा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया, जिससे शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी और अंदर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

मौके पर मौजुद मुकेश की मानें तो, रात करीब 11 बजे दुकान के ऊपर बने गोदाम से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आसपास के लोग वहां जुट गए और दुकान मालिक को भी सूचना दी गई। आग तेजी से फैलती देख लोगों ने तत्काल बिजली का कनेक्शन कटवाया, ताकि करंट फैलने या अन्य हादसे की आशंका न रहे। इसके बाद डायल 112 और दमकल विभाग को सूचित किया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाला। करीब 45 मिनट तक चले अभियान के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। विभाग की ओर से हादसे की जांच की जा रही है।