चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों पर मुख्य चुनाव आयुक्त दें इस्तीफा: सुरेंद्र सैनी
कुलदीप सैनी/अटल हिन्द
---------------------
रादौर /12 नवंबर 2026 /
कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र सैनी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। वीरवार को रादौर में युवा कांग्रेस नेता देवेंद्र लक्की के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के चुनावों में बड़े स्तर पर गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि इससे देश के लोकतंत्र और संविधान को नुकसान पहुंचा है। सैनी ने राहुल गांधी और कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट से इन आरोपों को बल मिला है। सुरेंद्र सैनी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए और यदि किसी पदाधिकारी से गलती हुई है तो उसे इसकी जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ना चाहिए। भाजपा सरकार के धरने-प्रदर्शनों पर टिप्पणी करते हुए सैनी ने कहा कि सरकार में बैठे लोगों का खुद धरना-प्रदर्शन करना एक नया राजनीतिक ट्रेंड बन गया है। जब सरकारें खुद प्रदर्शन करेंगी तो लोग उन पर सवाल उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार कोई गलत काम करती है तो विपक्ष धरने-प्रदर्शन के माध्यम से उसका विरोध करता है। इस मौके पर देवेंद्र लक्की, अंकित उकलाना, विक्की, रमन वाल्मीकि, दीपक, बॉबी आदि मौजूद रहे।