FASTag Annual Pass Rules: टोल प्लाजा के 20 KM दायरे में रहने वालों को बड़ी राहत! ₹1,500 और ₹3,000 में सालभर का पास, जानें पूरी डिटेल
राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) पर स्थित टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले स्थानीय वाहन चालकों के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने बड़ी राहत दी है। मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियमों में संशोधन की अधिसूचना जारी कर 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले निवासियों के लिए बेहद कम दरों पर 'रियायती लोकल एनुअल फास्टैग पास' (Concessional Local Annual Pass) की शुरुआत की है।
नए नियमों के लागू होने के बाद अब स्थानीय नागरिक 1,500 रुपये और 3,000 रुपये में सालभर का टोल पास प्राप्त कर सकेंगे।
कितने रुपये में मिलेगा नया एनुअल पास?
मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, फास्टैग एनुअल पास की दरें संबंधित टोल प्लाजा की भौगोलिक स्थिति (Location) के आधार पर तय की गई हैं:
₹1,500 प्रति वर्ष: यदि टोल प्लाजा नगर निगम, नगरपालिका या शहरी निकाय सीमा के बाहर स्थित है।
₹3,000 प्रति वर्ष: यदि टोल प्लाजा नगर निगम या स्थानीय शहरी सीमा के अंदर स्थित है।
वाहन चालकों को होगी सालाना ₹2,820 तक की सीधी बचत
वर्तमान व्यवस्था के तहत स्थानीय निवासियों को लोकल मंथली पास के लिए ₹360 प्रति माह का भुगतान करना पड़ता है, जिसके हिसाब से सालाना कुल खर्च ₹4,320 आता है।
नए ₹1,500 वाले एनुअल पास से वाहन चालकों को हर साल ₹2,820 की बचत होगी।
आवेदक अपनी आवश्यकतानुसार पुराने ₹360 वाले मंथली पास या नए सालाना कंसेशनल पास में से किसी भी एक विकल्प को चुन सकते हैं।
मंत्रालय द्वारा एनुअल पास की दरों में हर साल 1 अप्रैल को संशोधन किया जाएगा।
कौन ले सकता है यह पास? (प्रमुख पात्रता और शर्तें)
रियायती एनुअल फास्टैग पास का लाभ उठाने के लिए निम्नलिखित शर्तों का पालन करना अनिवार्य है:
व्यक्तिगत (पर्सनल) वाहन व एक्टिव FASTag: यह पास केवल व्यक्तिगत (Non-Commercial) उपयोग के लिए पंजीकृत निजी वाहनों के लिए ही जारी होगा। गाड़ी पर एक्टिव FASTag का होना अनिवार्य है।
20 किमी का दायरा व एड्रेस प्रूफ: आवेदक का निवास स्थान संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में होना चाहिए। इसके सत्यापन के लिए वाहन पंजीयन (RC) और पहचान पत्र (आधार कार्ड) पर पता समान होना चाहिए।
एक ही टोल प्लाजा पर मान्य: यह एनुअल पास सिर्फ उसी विशिष्ट टोल प्लाजा के लिए मान्य होगा, जिसके लिए इसे जारी किया गया है। इसे किसी अन्य टोल प्लाजा पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
किन परिस्थितियों में नहीं मिलेगा यह एनुअल पास?
सरकार ने अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि निम्नलिखित स्थितियों में यह पास जारी नहीं किया जाएगा:
सर्विस रोड या वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होना: यदि टोल प्लाजा के पास स्थानीय निवासियों की आवाजाही के लिए कोई सर्विस रोड या वैकल्पिक रास्ता मौजूद है, तो उस क्षेत्र के निवासियों के लिए यह पास जारी नहीं होगा।
क्लोज्ड-टोल सिस्टम: ऐसे एक्सप्रेसवे या नेशनल हाईवे जहां 'क्लोज्ड यूजर फी कलेक्शन सिस्टम' (तय की गई दूरी के आधार पर टोल वसूली) लागू है, वहां भी यह लोकल पास मान्य नहीं होगा।