{"vars":{"id": "91925:5179"}}

अंतरिक्ष में भारत की बड़ी छलांग! स्वदेशी नेविगेशन सिस्टम 'नाविक' को मिलेगी नई ताकत, NVS-03 सैटेलाइट लॉन्च

भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाते हुए अपनी तकनीकी आत्मनिर्भरता का शानदार उदाहरण पेश किया है। अब देश विदेशी नेविगेशन प्रणालियों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहेगा।
 

श्रीहरिकोटा। भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक और बड़ी छलांग लगाते हुए अपनी तकनीकी आत्मनिर्भरता का शानदार उदाहरण पेश किया है। अब देश विदेशी नेविगेशन प्रणालियों पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने देश की स्वदेशी नेविगेशन प्रणाली 'नाविक' (NavIC - Navigation with Indian Constellation) को और अधिक शक्तिशाली और सटीक बनाने के लिए अगली पीढ़ी के नेविगेशन उपग्रह एनवीएस-03 (NVS-03) को जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) में सफलताપૂર્વक स्थापित कर दिया है।

स्मार्टफोन और वियरेबल्स पर मिलेगा स्वदेशी नेविगेशन का सपोर्ट

एनवीएस-03 की सबसे बड़ी विशेषता इसकी नई सिग्नल क्षमता है। अब तक नाविक प्रणाली मुख्य रूप से एल5 और एस बैंड पर काम करती थी, लेकिन एनवीएस-03 के जुड़ने से इसमें एल1 (L1) बैंड भी शामिल हो गया है।

आम जनता की पहुंच: दुनिया भर के स्मार्टफोन, स्मार्टवॉच और अन्य आधुनिक वियरेबल उपकरणों में L1 फ्रिक्वेंसी का ही इस्तेमाल किया जाता है। इस तकनीकी अपग्रेड के बाद अब आम नागरिक भी अपने रोजमर्रा के गैजेट्स में आसानी से स्वदेशी नेविगेशन तकनीक का उपयोग कर सकेंगे।

सटीक समय की गणना: इस उपग्रह में इसरो के अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र द्वारा विकसित स्वदेशी रुबिडियम एटॉमिक क्लॉक लगाई गई है। सैटेलाइट नेविगेशन में सटीक टाइमिंग बेहद अहम होती है, क्योंकि सिग्नलों के समय के अंतर से ही किसी स्थान की सही लोकेशन का पता चलता है।

जीएसएलवी-एफ18 की सफल उड़ान

श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे लॉन्च पैड से शुक्रवार रात 11 बजकर 51 मिनट पर 50 मीटर ऊंचे और तीन चरणों वाले जीएसएलवी-एफ18 (GSLV-F18) रॉकेट ने उड़ान भरी। इस रॉकेट ने 2,232 किलोग्राम वजनी एनवीएस-03 को निर्धारित भू-समकालिक स्थानांतरण कक्षा में स्थापित कर मिशन को पूरी तरह सफल बनाया।

शुरुआती दौर में क्रायोजेनिक चरण की जटिलताओं के कारण जीएसएलवी को अनौपचारिक रूप से 'नॉटी बॉय' कहा जाता था, लेकिन वैज्ञानिकों की मेहनत और तकनीकी सुधारों ने इस रॉकेट को बेहद भरोसेमंद बना दिया है। जीएसएलवी की यह 20वीं उड़ान थी।

भारत की सीमाओं से 1,500 किमी तक होगी कवरेज

नाविक को अमेरिका के जीपीएस की तर्ज पर लोकेशन, नेविगेशन और टाइमिंग (PNT) सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।

इसकी कवरेज भारत और उसकी सीमाओं से लगभग 1,500 किलोमीटर के दायरे तक फैली हुई है।

सड़क परिवहन, समुद्री नौवहन, विमानन, आपदा प्रबंधन और रणनीतिक गतिविधियों में यह प्रणाली बेहद मददगार साबित होगी।

पिछली गलतियों से सीख और तकनीकी सुधार

इस मिशन में इसरो ने पिछले अनुभवों से सबक लिया है। जनवरी 2025 में 'एनवीएस-02' मिशन के दौरान कनेक्टर में तकनीकी खराबी के कारण उपग्रह की प्रणोदन प्रणाली (Propulsion System) उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर पाई थी। इस बार उस समस्या से निपटने के लिए विशेष इंजीनियरिंग व्यवस्था और सुधार अपनाए गए थे, जिससे मिशन पूरी तरह सफल रहा।